
अस्पताल में काम होने लगा प्रभावित, परेशान हो रहे मरीज
अस्पताल में काम होने लगा प्रभावित, परेशान हो रहे मरीज
-रेजीडेंट चिकित्सक तीसरे दिन भी हड़ताल पर
-भर्ती के अभाव में वार्ड खाली
-जितेंद्र जैकी-
झालावाड़. अजमेर के जेएनएन मेडिकल कॉलेज के महिला चिकित्सालय में रेजीडेंट चिकित्सक के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में झालावाड़ में भी मेडिकल कॉलेज के रेजीडेंट चिकित्सकों की हड़ताल जारी है। तीसरे दिन गुरुवार को भी रेजीड़ेंट चिकित्सक ने कार्य बहिष्कार किया इस दौरान अस्पताल में व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगी है। सबसे ज्यादा परेशानी आऊटडोर व ऑपरेशन में आ रही है क्योकि रेजीडेंट चिकित्सक इन दोनो जगह पर व्यवस्थाएं सम्भालते है। उल्लेखनीय है कि रेजीडेंट चिकित्सकों ने सोमवार को अंादोलन के पहले दिन सुबह 9 से 11 बजे तक सिर्फ दो घंटेे का कार्य बहिष्कार किया था। दूसरे दिन से उन्होने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दी।
-ऑपरेशन में आ रही परेशानी
मेडिकल कॉलेज से सम्बद्व राजकीय एसआरजी चिकित्सालय व राजकीय हीराकुंवर महिला चिकित्सालय में दस ऑपरेशन थियटर है, इसमें विभिन्न प्रकार के नियमित रुप से कम से कम दो से ढाई दर्जन ऑपरेशन होते है प्रत्येक ऑपरेशन के समय कम से कम चार रेजीडेंट चिकित्सक सहयोग करते है व बाद में मरीजों की स्थिति का फोलोअप भी रेजीडेंट चिकित्सकों द्वारा ही किया जाता है। लेकिन इन दिनो रेजीडेंट चिकित्सकों की हड़ताल से सभी थियटरों में सिर्फ एक दर्जन के करीब ही ऑपरेशन हो पा रहे है। वरिष्ठ चिकित्सक एस.पी.चित्तोड़ा ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सक इतने ही ऑपरेशन कर रहा है जितना उससे मरीज की स्थिति का फोलोअप किया जा सकें।
-आऊटडोर की स्थिति
-राजकीय एसआरजी चिकित्सालय के मेडिकल आऊटडोर में मात्र एक-एक चिकित्सक के भरोसे सेंकड़ो मरीज नजर आए। इस दौरान सुबह ठीक दस बजे जब संवाददाता चिकित्सालय के मेडिकल आऊटडोर के चिकित्सक कक्ष में पहुंचा तो कक्ष में एक भी चिकित्सक नही था, चारो कुर्सिया खाली पड़ी थी। कक्ष के अंदर स्टूल पर बैठे मरीज चिकित्सक का इंतजार कर रहे थे, पूछने पर उन्होने बताया कि डॉक्टर सा. इमरजेंसी में गए बताए। इस दौरान कक्ष के बाहर के मरीजों की लम्बी कतार लगी हुई थी। इसी प्रकार सर्जरी मेडिकल आऊटडोर में भी मात्र एक लेडी डाक्टर मरीज देखती नजर आई।
-एक घंटे से परेशान को भेजा आपातकालीन में
राजकीय एसआरजी चिकित्सालय के आऊटडोर में खानपुर निवासी एक महिला गीता पारीक को स्ट्रेचर पर लेकर परिजन इधर से उधर लेकर भागते नजर आए। पहले वह आऊटडोर में चिकित्सक को बुलाने की गुहार लगाते रहे बाद में कक्ष के बाहर तक स्ट्रेचर ले गए लेकिन चिकित्सक ने मरीज को आपातकालीन वार्ड में भेज दिया। यहां तैनात एक चिकित्सक ने महिला को देखा व वार्ड में भर्ती के लिए भेजा। मरीज के परिजन ने बताया कि एक घंटे से हम मरीज को स्टें्रचर पर लेकर भटक रहे है।
-अस्थि वार्ड में इंतजार, बाकी खाली वार्ड
रेजीडेंट चिकित्सकों की हड़ताल के कारण वरिष्ठ चिकित्सक भी मरीजों को भर्ती करने से बच रहे है। इस कारण वार्डो में पलंग खाली नजर आए। अधिकतर क्षमता से अधिक पलंग पर भर्ती होने वाले मरीजों की अभाव में वार्ड में पलंग खाली चल रहे है। अस्थि वार्ड में भर्ती मरीज ऑपरेशन का इंतजार कर रहे है। गुरुवार को वाडऱ् में भर्ती जिले की गंगधार तहसील के गांव कगाडिय़ा निवासी कमलेश के पैर में फैक्चर है। वह ऑपरेशन के लिए तैयार है। इस तरह कई मरीज ऑपरेशन के इंतजार में है। यहां अक्सर 90 से 100 मरीज भर्ती रहते है लेकिन गुरुवार को 63 मरीज भर्ती थे।
मेडिकल पुरुष वार्ड में रोज करीब 50 से 55 के बीच में मरीज आते है लेकिन बुधवार को मात्र 27 व गुरुवार को पौन 12 बजे तक मात्र 11 मरीज भर्ती हुए। महिला मेडिकल वार्ड में अक्सर 30 से 35 के बीच आते है लेकिन बुधवार को 26 व गुरुवार को 12 बजे तक तीन मरीज आए।
-आदेश निकाला है
राजकीय एसआरजी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. दीपक गुप्ता ने चिकित्सालय के सभी विभागाध्यक्ष व यूनिट हेड़ के लिए आदेश निकाला की रेजीडेंट की हड़ताल के दौरान खुद व्यवस्था सम्भाले व वेकल्पिक व्यवस्था बनाए।
-मांगें मानने तक होगा आंदोलन
रेजीडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन के महासचिव डॉ.नरेंद्र शर्मा ने बताया कि सरकार जब तक रेजीड़ेट चिकित्सकों की मांगें मानकर उचित कार्रवाई का उचित आश्वासन नही दे देती तब तक प्रदेश स्तरीय एसोसिएशन के निर्देश पर हमारा आंदोलन जारी रहेगा। हम नही चाहते है कि मरीज परेशान हो लेकिन सरकार को भी इस ओर शीघ्र ध्यान देकर समस्या का समाधान निकालना चाहिए।
-उपलब्ध व्यवस्था से हो रहा है काम
इस सम्बंध में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.आर.के.आसेरी ने कहा कि ऑपरेशन थियेटर में सभी वरिष्ठ चिकित्सक कार्य कर रहे है हालाकि जितने ऑपरेशन होने चाहिए उतनी संख्या में नही हो पा रहे है लेकिन फिर भी गम्भीर मरीजों के ऑपरेशन तुरंत किए जा रहे है।
Published on:
22 Nov 2018 02:03 pm
