19 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर फैला रहे थे दहशत, झालावाड़ में 2 आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने और गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ झालावाड़ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया।
2 min read
Google source verification
reels with illegal weapons

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो: पत्रिका

झालावाड़। सोशल मीडिया पर रील का क्रेज युवाओं में लगातार बढ़ता जा रहा है। हैरान कर देने वाली बात ये है कि लोग अवैध हथियारों के साथ भी रील बनाने से बाज नहीं आ रहे है। राजस्थान के झालावाड़ जिले में दो ऐसे ही मामले सामने आया है। जहां सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने और गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ झालावाड़ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर शस्त्र अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।

पुलिस ने बताया कि जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत घाटोली और जावर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पंप एक्शन गन से फायरिंग कर बनाई रील

घाटोली थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर वायरल रील के आधार पर चुरेलिया निवासी 21 वर्षीय उदय सिंह उर्फ दीपक गुर्जर को गिरफ्तार किया। आरोपी पंप एक्शन गन से फायरिंग करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से पंप एक्शन गन और एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया। जांच में सामने आया कि वह खुद का प्रभाव दिखाने और आमजन में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से रील वायरल कर रहा था।

फिल्मी अंदाज में बंदूक लहराकर बनाया वीडियो

दूसरी कार्रवाई जावर थाना पुलिस ने की। पुलिस ने पृथ्वीपुरा निवासी 26 वर्षीय हरिराम गुर्जर को गिरफ्तार किया, जो एक नाली टोपीदार बंदूक लहराते हुए फिल्मी अंदाज में वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी के पास से अवैध बंदूक और वीडियो अपलोड करने में इस्तेमाल स्मार्टफोन जब्त किया गया। पुलिस अब हथियार के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

इनका कहना है

सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन, फायरिंग या ऐसी किसी भी प्रकार की रील पोस्ट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, झालावाड़