
जिंस लेकर पहुंचे किसान
झालरापाटन. हरिश्चंद्र कृषि उपजमंडी में नए गेहूं की जबरदस्त आवक हुई। खेतों में कटाई होने के साथ ही फसल तैयार करने का काम इन दिनों जोर शोर से चल रहा है। पिछले दिनों अचानक मौसम खराब होने से तैयार फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। साथ ही शादी-विवाह को लेकर भी किसान तैयार जिंस को बेचने की जल्दी में हैं। इसी कारण मंडी खुलते ही सुबह से टै्रक्टरों की रेलमपेल शुरू हो गई। दोपहर तक पूरे मंडी परिसर में हर तरफ ढेर लगे दिखाई दिए। इससे वाहनों को अंदर जाने के लिए जगह तक नहीं मिली। मंडी में गेहूं की करीब 8 हजार से अधिक बोरी की आवक हुई। दाम 1640 से 1788 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से मिले। इससे किसानोंं का रूझान भी तेज है।
मंडी व्यापारी राजू पाटनी व अशोक मेहता ने बताया कि मौसम अनुकूल रहने से पैदावार भी बंपर हुई है, इसके साथ ही पिछले वर्षों के मुकाबले गुणवत्ता कॉफी अच्छी है। किसान रमेशचंद्र पाटीदार ने बताया कि मंडी में जिंस की आवक अधिक होने से किसानों को मंडी गेट से परिसर तक रास्ते में जिंस के ढेर लगे होने से अपने साधन ले जाने में परेशानी हो रही है। मंडी प्रशासन को किसानों की जिंस पीछे की और से खाली कराना चाहिए, इससे बाद में आने वाले किसानों को परेशानी न हो। इसके साथ ही नीलामी सुबह 10 बजे से शुरू होना चाहिए, जिससे जिंस का तोल शाम तक होने से किसान समय पर लौट सकें। सचिव हरिमोहन बैरवा ने बताया कि मंडी में इलेक्ट्रॉनिक कांटों पर तोल के साथ ही प्रमाणित भर्ती व सोरण प्रक्रिया पर पूरी तरह से रोक लगने से दूर-दराज तक के किसान माल लेकर आ रहे हैं। किसानों को सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वृद्धा से बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार
बकानी. क्षेत्र के गांव में मानवता को शर्मशार करने वाला मामला सामने आया है। 70 वर्षीय महिला के साथ गांव के ही युवक ने बलात्कार किया। थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि रात्रि को वृद्धा ने थाने में आकर सुजान सिंह (35) पुत्र भैरूसिंह पर बलात्कार का आरोप लगाया। पीडि़ता गांव के बाहर बने मकान में छोटे बेटे के साथ रहती है। रविवार को पुत्र बाहर गया था। रात्रि 9 बजे आरोपी शराब के नशे में पीडि़ता के घर पर आया और उसके लड़के के बारे में पूछने लगा, वृद्धा ने बताया कि लड़का बाहर गया है। इसका फायदा उठा कर आरोपी महिला को पकड़ कर घर के बारह कुएं के पास ले गया और बलात्कार किया। चिल्लाने पर मुंह दबा दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पीडि़ता के परिजन के आने और पीडि़ता के चिल्लाने पर आरोपी भाग निकला। इसके बाद पीडि़ता ने रात को ही मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीडि़ता का मेडिकल करा कर जांच शुरू की।
संतरों की आवक कम, बारिश व तेज धूप से गुणवत्ता पर असर
भवानीमंडी. अ श्रेणी स्थित संतरा मंडी में आवक कम होने लगी है। वहीं इन दिनों बारिश व तेज धूप से इसकी क्वालिटी पर असर होते से मिठास कम हो गई। इससे अधिकांश बगीचों के संतरे बेस्वाद हो गए। वहीं सीजन अब उतार पर है। इससे मंडी में इसकी अब 2500 से तीन हजार मन आवक प्रतिदिन रह गई है, जो 700 से 1200 रुपए प्रतिमन बिक रहा है। संतरा व्यापारी फरीद अहमद जुगनू व नीटू चौधरी ने बताया कि अब संतरा सूर्य की तेज धूप से जला हुआ, बारिश का दागी हो गया है, वहीं बारिश होने से पेड़ों पर काली मस्सी का प्रकोप बढ़ गया है। अधिकांश बगीचों से संतरा टूट गया है, जिससे मंडी में आगामी 8-10 दिनों तक ही संतरों की आवक होगी।
आग से घास और घरेलू सामान जले
पिड़ावा. क्षेत्र के भगवानपुरा गांव के पास वन विभाग के जंगल में दोपहर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे पेड़-पौधे व झाडिय़ां जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल के कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर पिड़ावा पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं क्षेत्र के लक्ष्मीपुरा गांव में रविवार देर शाम को 11 केवी लाइन में फॉल्ट आने से खलिहान में आग लग गई। गांव में किसान दाणुसिंह के खलिहान के ऊपर से 11 केवी लाइन गुजर रही है। इसमें आग से करीब 10 ट्रॉली घास जल गई। पिड़ावा से पहुंची पालिका के दमकल कर्मी बनेसिंह ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस जाप्ता भी पहुंचा। वहीं देर रात को मायाखेड़ी गांव में अज्ञात कारणों से कच्चे मकान में आग लग लगी। इससे घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद दमकल ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू।
गैस सिलेण्डर भभका, कच्चा घर जला
सारोलाकलां. ढाणी शिवनगर गांव में गमी की रसोई बनाते समय गैस सिलेण्डर लीकेज होने से आग लग गई, लेकिन लोगों की तत्परता व सूझबूस से बड़ा हादसा टल गया। गमी की रसोई से परिजन व रिश्तेदारों से घर भरा था। आग से केवलू पोश अहाते समेत चार पांच बोरी गेहूं ,आटा व सामान जल गए। रामलाल रैबारी ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे उसकी दादी की गमी रसोई बनाई जा रही थी, तभी गैस सिलेण्डर ने आग पकड़ ली। वहां मौजूद लोगों ने जलता सिलेण्डर उठा कर बाहर फेंका। पानी व गीली बोरी फेंक कर आधे घंटे में आग पर काबू पाया। इससे चार पांच बोरी गेहूं, घरेलू सामान अहाता जल गया। जबकि रामलाल समेत दो जनों के बचाव दौरान हाथ झूलस गए। वार्ड पंच उमेश रैबारी व संजय रैबारी ने बताया कि सूचना पुलिस को भी दी, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। जबकि एक सप्ताह में ये दूसरी घटना है। इससे पहले सोमवार को बालिका सीनियर स्कूल में गैस सिलेण्डर में आग लग गई थी।
Updated on:
09 Apr 2019 03:25 pm
Published on:
09 Apr 2019 03:25 pm
