12 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Aban Death Case: अतीक के बेटे अबान की डेथ केस में हो रहे वायरल वीडियो की होगी जांच! झांसी पुलिस ने क्या की अपील?

Aban Death Case: अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की कार दुर्घटना से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। झांसी पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए इसके स्रोत और सत्यता की जांच शुरू कर दी है।
3 min read
Google source verification
abaan ahmed car accident viral video jhansi police investigation

अतीक के बेटे अबान की डेथ केस में अपडेट। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Aban Death Case Update:झांसी में माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उसी कार दुर्घटना का है, जिसमें अबान अहमद और उसके दोस्त की जान गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद झांसी पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और इसकी सत्यता की जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो को लेकर झांसी पुलिस ने जारी किया बयान

झांसी पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। इसे हाल ही में झांसी में हुई एक सड़क दुर्घटना से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो की वास्तविकता और उसके स्रोत की जांच की जा रही है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो वास्तव में उसी हादसे से संबंधित है या नहीं।

पुलिस ने लोगों से वीडियो शेयर नहीं करने की अपील की

पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वीडियो की पुष्टि होने से पहले उसे शेयर या प्रसारित ना करें। पुलिस का कहना है कि किसी भी वीडियो की प्रमाणिकता की जांच किए बिना उसे दुर्घटना से जोड़कर फैलाना उचित नहीं है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और इसकी वास्तविकता सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वीडियो में तेज रफ्तार कार पलटती दिखाई दे रही

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में हाईवे पर एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में जाती हुई दिखाई देती है। कुछ ही देर बाद कार का संतुलन बिगड़ता नजर आता है। इसके बाद वाहन सड़क किनारे बने कंक्रीट बैरियर से टकराकर पलट जाता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही दुर्घटना वही है, जिसमें अबान अहमद की मौत हुई थी।

6 अगस्त को हुआ था अबान अहमद का सड़क हादसा

जानकारी के मुताबिक अबान अहमद की कार दुर्घटना 6 अगस्त को हुई थी। इस हादसे में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी। सोनू की उम्र 25 वर्ष बताई गई है। कार में 3अन्य लोग भी सवार थे। हादसे में आजम, मोहम्मद जावेद और उमर घायल हुए थे। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था।

भाई से मिलने झांसी जा रहा था अबान

बताया गया कि अबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जा रहा था। उसका मकसद झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात करना था। इसी दौरान रास्ते में उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मामले की जानकारी सामने आने पर अबान की मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल रहा।

8 अगस्त को प्रयागराज में हुआ अंतिम संस्कार

अबान अहमद को 8 अगस्त को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इलाहाबाद हाई कोर्ट से सशर्त पैरोल मिलने के बाद अबान के बड़े भाइयों अली और उमर को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी गई थी।

वायरल वीडियो की पुष्टि का इंतजार

अबान अहमद की मौत के बाद वायरल हुए इस वीडियो को लेकर फिलहाल तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। पुलिस इसकी सत्यता और स्रोत की जांच कर रही है। ऐसे में वीडियो को अबान अहमद की दुर्घटना का बताकर साझा करने से पहले आधिकारिक पुष्टि का इंतजार करना जरूरी है। झांसी पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने और वीडियो की वास्तविकता की पुष्टि होने तक किसी तरह की अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।