
Jhansi News : उड़ीसा में शिक्षा का स्तर बढ़ने के बावजूद अभी भी समाज में बाल विवाह की शिकायतें आ रही हैं। वहीं गरीबी के चलते वहां की नाबालिग लड़कियों का यूपी के कई जिलों में सौदा होता है। बुंदेलखंड से भी ऐसे ही मामला सामने आते रहे हैं। हाल में दो बहनों के झांसी आकर गायब हो जाने के बाद अब ग्वालियर में नाबालिग लड़कियों को बेचने का प्रकरण सामने आया है। उड़ीसा से अपने नाबालिग पुत्री को वापस घर ले जा रही मां ने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की मांग की है। नाबालिग लड़की के बार-बार बयान बदलने पर बाल कल्याण समिति ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।
लड़की ने मां के साथ जाने से किया मना
उड़ीसा के पुनकला की रहने वाली संगीता चौहान अपनी पुत्री को ग्वालियर से वापस लेकर घर जा रही थी। झांसी आते ही नाबालिग ने हंगामा कर मां के साथ जाने से मना कर दिया। हंगामा होने पर जीआरपी ने उसे चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया, जिसे आज बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। समिति के सामने माँ व बेटी के अलग-अलग बातें आने से संदेह बढ़ गया।
शादी कराने के नाम पर बेच दिया
मां ने बताया कि उसकी 3 लड़कियां हैं, जो अपने पिता के साथ रहती हैं। उसकी अपने पति से नहीं बनती और वह अलग रहती है। इसका फायदा उठाकर गांव के पास की एक महिला ने एक लड़की को शादी कराने के नाम पर बेच दिया। अब उसकी नजर सबसे छोटी लड़की पर है। उसकी छोटी लडकी ग्वालियर में अपनी बड़ी बहन के पास है। उसे कुछ संदेह हुआ, तो वह छोटी नाबालिग पुत्री को ग्वालियर लेने के लिए आयी, लेकिन वह उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई। दबाव बनाकर वह उसे ग्वालियर झांसी तक लायी, तो उसने हंगामा कर दिया। इस पर उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। समिति के सामने मां व नाबालिग लड़की के अलग-अलग बयान तथा ग्वालियर में रहने वाले बड़ी लड़की के पति के बयानों ने समिति का संदेह बढ़ा दिया। इस पर कई दौर की अलग-अलग वार्ता के बाद समिति ने नाबालिग को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
लड़की ने बार-बार बदले बयान
नाबालिग ने दो बार बयान बदल दिया, पहले उसने मां के साथ जाने से मना कर दिया और फिर वह मां के साथ जाने को तैयार हो गयी। इस बीच, एक माह पहले मुम्बई घूमने के लिए जाने को लेकर भी अलग-अलग बयान आए। नाबालिग ने अपनी दीदी की ननद के साथ मुम्बई जाने की बात कही, तो उसके जीजा ने अपने भाई के साथ मुम्बई जाने की बात कही। लड़की की मां ने अपने दामाद की बातों पर भी शक जताया। पूरे मामले में लड़की को बहलाकर ग्वालियर में ही शादी कराने की बात सामने आयी। इस पूरे प्रकरण में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव शर्मा, सदस्य कोमल सिंह, सदस्य परबीन खान व हरीकृष्ण सक्सेना ने सुनवाई की। इस दौरान सहायक साजिद खान मौजूद रहे।
2 और बहनों की तलाश जारी है
उड़ीसा से बेचने के लिए लायी गयी 3 बहनों में से गायब हुईं 2 बहनों की तलाश बबीना से लगे मध्य प्रदेश क्षेत्र में की जा रही है। ओरछा थाना क्षेत्र के गांव में इन दोनों बहनों को बेचे जाने की जानकारी मिली है। इस पर बाल कल्याण समिति ने दोनों बहनों की तलाश करने को कहा है।
एक-एक लाख रुपए में हुआ सौदा
सुंदरगढ़ की दो बहनों के साथ उसकी चचेरी बहन को लेकर एक महिला झांसी लायी थी। पहले बबीना के पास इन तीनों बहनों को घर में रखा गया और फिर दो बहनों को एक-एक लाख रुपए में बेच दिया। महिला के चंगुल से बचकर निकली किशोरी किसी तरह स्टेशन पहुंच गयी। वहां से चाइल्ड लाइन के जरिए बाल कल्याण समिति पहुंची। इस मामले में किशोरी तो वन स्टॉप सेंटर भेज दी गयी, जबकि दो बहनों की तलाश की जा रही है। इन दोनों के बबीना के पास मध्यप्रदेश के ओरछा थाना के एक गांव में रहने की सूचना मिली है। इन दोनों की पुलिस जांच कर रही है।
Published on:
26 Jun 2023 10:51 am
