
पुलिस कस्टडी में मौत के बाद सीएचसी मंड्रेला में आरोपी युवक
मंड्रेला पुलिस थाने में बलात्कार के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपी की बुधवार को पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी। पुलिस ने मौत का कारण हीट स्ट्रोक बताया था लेकिन गुरुवार को मृतक के परिजन मंड्रेला पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर आरोपी के साथ बूरी तरह से मारपीट करने आरोप लगाया और दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। इस पर पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज वर्मा ने थानाधिकारी रवींद्र कुमार, हैड कांस्टेबल (डीओ) धर्मपाल व संतरी मिनाक्षी को जांच होने तक लाइन हाजिर कर दिया। एसपी से मिले आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए।
कोटपुतली के बुचाहेडा के वार्ड नंबर 17 निवासी गौरव शर्मा (35) पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा को युवती से बलात्कार के मामले में 25 मई को गिरफ्तार किया गया था। वह पुलिस रिमांड पर चल रहा था, बुधवार को उसकी मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि गौरव के खिलाफ बलात्कार का झूठा मामला दर्ज किया गया था। लडक़ी ने अपनी मर्जी से गौरव के साथ शादी की बात भी पुलिस के सामने कबूली थी। लेकिन बाद में किसी के दबाव में आकर उसके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज करा दिया गया। पुलिस ने उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। वह पांच दिन के रिमांड पर चल रहा था। इस दौरान थाने में उसके साथ बूरी तरह मारपीट की गई, इससे गौरव की मौत हो गई।
Published on:
31 May 2024 01:33 am
