
सीकर में झुंझुनूं कलक्टर को निर्देश देते मुख्य सचिव सुधांश पंत। (फोटो: पत्रिका)
Rajasthan News: मुख्य सचिव सुधांश पंत ने मंगलवार को सीकर व झुंझुनूं जिले के जिलास्तरीय अधिकारियों की पुलिस सभागार में बैठक ली। बैठक में मुख्य सचिव ने केन्द्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजना व बजट घोषणाओं को लेकर जमीनी हकीकत जानी।
मुख्य सचिव ने बैठक में झुंझुनूं जिला कलक्टर रामावतार मीणा की जमकर क्लास ली। मुख्य सचिव ने झुंझुनूं जिला कलक्टर से मां योजना को लेकर सवाल पूछे। इस पर जिला कलक्टर कोई सही जवाब नहीं दे सके। इस पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कलक्टर साहब आपकी 59 साल और लगभग 7 महीने की नौकरी हो गई है। सेवानिवृत्ति महज तीन महीने का समय बचा है। आपको अब भी सरकार की योजनाओं के बारे में ही पता नहीं है तो फिर कैसे साप्ताहिक बैठक लेते होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो जिम्मेदारी दे रखी है और जनता जो उम्मीद करती है, उस पर तो खरा उतरना ही होगा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को ईमानदारी से अपना काम करने की बात कही।
बैठक में संभागीय आयुक्त पूनम ने भी योजनाओं का रिव्यू किया। बैठक में सीकर जिला कलक्टर मुकुल शर्मा ने सीकर जिले विभिन्न योजनाओं व प्रोजेक्टों की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झुंझुनू देवेंद्र सिंह आदि जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पीड़ित व्यक्ति को तय समय पर न्याय मिले। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति परेशान है, तभी आपके कार्यालय में पहंचता है। यदि आपको कोई शक है तो जांच कराए। लेकिन फरियादी के साथ आपका व्यवहार पूरी तरह शालीन होना चाहिए।
मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि सुशासन सरकार की पहली प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य सचिव ने बिजली, पेयजल, स्वच्छता और गुड गवर्नेंस को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को आगामी गर्मी के मौसम में इन सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति तय करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि किसी जमाने में झुंझुनुं जिला हर योजना में टॉप रहता था। जब मैं झुंझुनूं जिला कलक्टर था, तब भी ऐसे होता था कि झुंझुनुं जिला आगे और सीकर जिला पीछे। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल गए है। हर योजना में सीकर जिला झुंझुनूं से काफी आगे है। इसके लिए सोचना होगा…। यदि सभी अधिकारी मिलकर टीम भावना से काम करें तो फिर से हालात बदल सकते हैं।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि काम नहीं करने वाले इंसान का दो जनों को जरूर पता रहता है। एक तो खुद को दूसरा प्रकृति या परमात्मा को। पहले तो यह मानते थे कि बुरा करने वाले को ऊपर जाकर सजा मिलती है। लेकिन अब तो देख रहे हैं, इस जन्म भी सजा मिल रही है।
मुख्य सचिव ने बैठक से पहले बाबा श्याम के दरबार में पहुंचकर धोक लगाई। इस दौरान उन्होंने मंदिर कमेटी व प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि खाटूश्यामजी में लगातार धार्मिक पर्यटन बढ़ रहा है। केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं के जरिए खाटूश्यामजी का विकास कराया जा रहा है। कई प्रोजेक्ट अभी पाइपलाइन में है उनकी भी जल्द डीपीआर तैयार कराई जाएगी। वहीं देश के अन्य मंदिरों की व्यवस्थाओं के नवाचार को यहां भी लागू कराने का प्रयास है।
मुख्य सचिव ने बैठक के बाद सीकर व झुंझुनूं जिले के जिला कलक्टरों से अलग से संवाद भी किया। इस दौरान कई मुद्दों पर फीडबैक भी लिया। वहीं सीकर के पुलिस अधीक्षक व झुंझुनूं के कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक से भी कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की। इस चर्चा के दो घंटे बाद झुंझुनूं जिले को नया पुलिस अधीक्षक भी मिल गया।
Updated on:
21 May 2025, 12:08 PM IST
Published on:
21 May 2025, 12:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.