
चिड़ावा.
तेज गर्मी के साथ ही शहर के विभिन्न वार्डों 1, 20, 25 एवं 29 में पानी की समस्या बढऩे लगी है। लोगों को पानी के लिए धपती धूप में भटकना पड़ रहा है। जिससे लोगों में आक्रोश फूटने लगा है। बढ़ती परेशानी ने लोगों का सब्र को बांध तक तोड़ दिया है।इसी के चलते सोमवार को चार वार्ड के लोग जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के दफ्तर पहुंचे और वहां पर पानी समय पर व पर्याप्त देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने कार्यालय में मटके फोड़े और धरना भी दिया। बाद में अधिकारियों ने समझाइश कर मामले को शांत किया। इस दौरान पुलिस को भी दखल देना पड़ा।
निर्धारित जगह पर नहीं बना बोरवेल, सुनाई खरी-खोटी
शहर के वार्ड एक में बोरवेल की जगह बदलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साएं लोगों ने अधिकारियों को खूब खरी-खोटी सुनाई तथा देख लेने तक धमकी तक दे डाली। एसडीएम देवयानी ने समझाइश कर मामले को निपटाया। इससे पहले भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनूप भगेरिया व पार्टी के अन्य पदाधिकारी जलदाय कार्यालय पहुंचे। जहां एईएन नहीं मिलने पर एसडीएम को जानकारी दी गई। कुछ देर बाद एईएन कैलाश पूनिया मौके पर पहुंचे। जिस पर भगेरिया, अनुज भगेरिया व ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष सत्यपाल जांगिड़ के नेतृत्व में एईएन पूनिया का घेराव कर दिया। भगेरिया ने कहा कि सांसद संतोष अहलावत व जिलाध्यक्ष राजीवसिंह शेखावत के प्रयासों से श्मशान घाट व आस-पास के क्षेत्र के लिए बोरवेल मंजूर कराया गया था। मगर एईएन व अन्य अधिकारियों ने राजनीति से प्रेरित हो दूसरी जगह बनवा दिया। ट्यूबवैल की जगह बदलने पर एईएन पूनिया को खरी-खोटी सुनाई। भष्ट्राचार के भी आरोप लगाए। मामला बढ़ता देख पुलिस को दखल देना पड़ा। भाजपा नेताओं व अन्य ने एईएन की टेबल को जोर-जोर से थपथपाया। इस दौरान एसडीएम देवयानी व तहसीलदार ज्वाला सहाय मीणा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने समझाइश की। एईएन पूनिया को श्मसान घाट तक पाइप से पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। जिस पर मामला शांत हुआ। इस मौके पर भाजपा नगर महामंत्री राकेश सर्राफ, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनोद राठौड़, महामंत्री सुरेंद्र डाबला उम्मेद बरवड़ मौजूद थे।
महिलाओं ने फोड़े मटके
चिड़ावा. शहर के वार्ड 29 के लोगों ने भी जलदाय कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने पानी की मांग को लेकर जेईएन के चैंबर में खाली मटके फोड़े। कार्यालय परिसर में एक घंटे तक धरना दिया। एईएन के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। वार्ड के करीब डेढ़ सौ घरों में भगतों का मोहल्ले में बने ट्यूबवैल से पानी की आपूर्ति होती रही है। मगर ट्यूबवैल का पानी सूख गया। ऐसे में वार्ड के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वार्डवासी ओमप्रकाश वर्मा व मनीष नायक ने बताया कि जलदाय विभाग को अवगत करवाया जा चुका है। मगर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ऐसे में वार्ड के लोग सुबह जलदाय कार्यालय पहुंचे। महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए जेईएन के चैंबर में खाली मटके फोड़ें। इस दौरान वार्डवासियों ने परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पहुंचे एसडीएम, तहसीलदार व एईएन ने जल्द ही समस्या का समाधान करने की बात कही। एसडीएम देवयानी ने दूसरा ट्यूबवैल मंजूर होने तक वैकल्पिक व्यवस्था करवाने की बात कही। इस मौके पर पवनकुमार, बालकिशन बाडेटिया, पुरूषोत्तम लाल, विद्यादेवी, सतीशकुमार, लक्ष्मीदेवी, अणचीदेवी, रामकुमारी, ममता, संतोष, सरिता देवी, नारायणी देवी सुमित्रादेवी, सावित्रीदेवी आदि उपस्थित थे।
Published on:
29 May 2018 10:39 am
