1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रेकी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई कर की गई थी हत्या, बैंक मैनेजर सहित पांच गिरफ्तार

पचेरी खुर्द गांव में एक युवक की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क किनारे फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा कर दिया है।

2 min read
Google source verification
Jhunjhunu murder Case

फोटो पत्रिका

झुंझुनूं। पचेरी खुर्द गांव में एक युवक की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क किनारे फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। पचेरी कलां पुलिस व एजीटीएफ की संयुक्त कार्रवाई कर पांच आरोपी पचेरी खुर्द निवासी सुरेंद्र उर्फ बबलू यादव, डूमोली खुर्द निवासी विक्रम गुर्जर, बवानिया, महेंद्रगढ़ निवासी धन्नंजय यादव उर्फ कालू व कोजिंदा, नारनौल निवासी सुनील सैनी उर्फ मामा व बड़ा मोहल्ला, सिंघाना निवासी कार्तिक शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। इनमें आरोपी कार्तिक शर्मा हरियाणा के नारनौल में एक्सिस बैंक में मैनेजर है। आरोपियों में बबलू यादव ईंट-भट्टा मालिक व विक्रम गुर्जर धर्मकांटे पर काम करता है।

रेकी करने के शक में युवक की पीट-पीटकर कर दी हत्या

कार्यवाहक एसपी देवेंद्रसिंह राजावत ने बताया कि पांच जुलाई को बैंक मैनेजर समेत पांचों आरोपी बालाजी धर्मकांटे के पास शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पर घूम रहा था। इस पर आरोपियों ने उसे बुलाकर उसका नाम-पता पूछा तो युवक ने नहीं बताया। इस पर आरोपियों को लगा कि युवक उनकी रेकी करने के लिए आया है। इस पर पांचों आरोपियों ने युवक को बूरी तरफ मारा-पीटा और जमीन पर घसीटा। इससे उसकी मौत हो गई। फिर वारदात स्थल से सौ मीटर दूर युवक के शव को नग्न अवस्था में सड़क किनारे फेंक गए। 6 जुलाई की सुबह सिंघाना रोड पर धर्मकांटा के पास लोगों को युवक का शव नग्न अवस्था में मिला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

यूं खुली वारदात और पकड़ में आए आरोपी

थाना पचेरी कलां व एजीटीएफ की संयुक्त टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी सहायता ली और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी जांच के दौरान डॉग स्क्वायड बार-बार बालाजी धर्मकांटा की तरफ जा रहा था। इससे पुलिस को संदेह हुआ कि हत्या वहीं पर हुई है। इस पर पुलिस को पता चला कि घटना की रात वहां शराब पार्टी चल रही थी। शराब पार्टी करने वाले कुछ युवकों की पहचान होने पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आरोपी विक्रम गुर्जर और सुरेंद्र उर्फ बबलू यादव के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, जो फरार मिले। बाद में इन्हें और तीन अन्य आरोपियों धन्नजय उर्फ कालू, सुनील उर्फ मामा और कार्तिक शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने स्वीकारा कि पांचों ने मिलकर बूरी तरह पीटा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे धर्मकांटा पर शराब पार्टी कर रहे थे, तभी एक अनजान युवक वहां पहुंचा। बार-बार नाम न बताने पर उन्हें शक हुआ कि वह रेकी करने आया है। शक के चलते पांचों ने मिलकर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घबरा कर शव को घटनास्थल से 100 मीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया गया ताकि मामला एक्सीडेंट का लगे।

अब तक नहीं हुई युवक की पहचान

पुलिस ने बताया कि अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव बुहाना अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। शव की पहचान होने व परिजन के पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम होगा।

Story Loader