
इस सरपंच ने कब्रिस्तान को अपना बताकर उठा लिया 2 करोड़ का लोन, बैंककर्मियों के भी उड़ गए होश
गुढ़ागौडज़ी.
पौंख गांव के मुस्लिम समाज के लोगों ने पूर्व राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा के नेतृत्व में शनिवार को कथित रूप से कब्रिस्तान की जमीन पर करोड़ों रुपए का लोन उठा लेने का मामला सामने आने पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन करने वालों का आरोप था कि पूर्व सरपंच मूलचन्द सैनी ने मिलीभगत करके गांव के कब्रिस्तान की जमीन पर पौंख निवासी महावीर प्रसाद व हिमांशु के नाम से दो फर्जी पट्टे जारी कर दिए। बाद में पट्टों के आधार पर जयपुर में इलाहाबाद बैंक की शाखा से पौंख स्थित बालाजी वाटर प्लांट के नाम 2 करोड़ रुपए का लोन उठा लिया। सात वर्ष पहले कथित रूप से कब्रिस्तान की जमीन पर लोन उठा लेने के मामले की जानकारी लोगों को गुरुवार को तब लगी जब इलाहाबाद बैंक के कर्मचारियों द्वारा लिया लोन नहीं चुकाने पर गांव के इस्लामिया कब्रिस्तान के मुख्य द्वार पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया गया। हालांकि लोन उठाने वालों ने बैंक द्वारा कब्रिस्तान पर चस्पा किया नोटिस तुरन्त फाड़ दिया। लेकिन धीरे-धीरे यह बात पूरे गांव में फैल गई। शनिवार को ईद की नमाज के बाद मुस्लिम समाज की इसको लेकर विरोध बैठक हुई। बैठक के बाद आक्रोशित समाज के लोगों ने कब्रिस्तान के बाहर से गुजरने वाली सडक़ पर अवरोध डाल कर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने फर्जी पट्टा जारी करने वाले पूर्व सरपंच मूलचन्द सैनी के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने मांग थी कि कब्रिस्तान की जमीन पर फर्जी पटटा बनाने वालों व धोखाधड़ी से लोन उठाने वालों पर कार्रवाई की जाए। सरपंच घासीराम सैनी ने फर्जी पटटा देने वाले पूर्व सरपंच पर कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पर मौके पर तहसीलदार औंकारमल मूण्ड, थानाधिकारी अशोक चौधरी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देने पर जाम हटा लिया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में मुस्तफा अली, सतार अली, सहाबुदीन , रमजान अली, उमरद्दीन, युसुफ कुरैशी, मजीद आरिफ, रमजान मोहम्मद, अजीज, मेहराज मौजूद थे।
पौंख में लगा रखा है फिल्टर प्लांट
बालाजी ग्रुप के मालिक महावीर प्रसाद सैनी द्वारा पौंख गांव अशोक नगर मे फिल्टर पेयजल आपुर्ति करने का कार्य करने के लिए प्लांट लगा रखा है। उक्त प्लांंट की स्थापना 2011 में हुई थी। प्लांट से बोतल बन्द पानी की पैंकिंग करके सप्लाई की जा रही है।
दिसम्बर 2011 में जारी किए थे आवासीय पट्टे
प्रदर्शन करने वालों का कहना था कि पौंख गांव के पूर्व सरपंच मूलचन्द सैनी द्वारा दिसम्बर 2011 को दो आवासीय पट्टे जारी किए थे। यह पट्टे महावीर प्रसाद सैनी व हिमांशु सैनी निवासी अशोक नगर पौंख के नाम से जारी किए थे। तत्कालिन उप-पंजियन द्वारा 300 रुपए शुल्क जमा कर हिमांशु सैनी का आवासीय पट्टा पंजियन किया गया था। इन पटटों के आधार पर जयपुर के एमआई रोड स्थित इलाहाबाद बैंक से मैसर्स बालाजी ग्रुप पौंख के नाम से व्यवसाय के लिए दो करोड़ का लोन उठाया गया था। जिसका वर्तमान में एक करोड़ 36 लाख रुपए बकाया है। लोन की राशि चुकता नहीं करने पर बैंक की ओर से उक्त सम्पति को नीलाम करने के लिए नोटिस चस्पा किया गया था।
इनका कहना है...
मैंने इस तरह का कोई पटटा जारी नहीं किया है। बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। -मूलचंद सैनी, पूर्व सरपंच पौंख
Published on:
17 Jun 2018 03:43 pm
