
अलसीसर (झुंझुनूं)। धनूरी थानाक्षेत्र के गांव लादूसर में एक व्यक्ति ने पहले अपने भांजे के दो मासूम बेटों को कुएं में फेंककर मौत के घाट उतार दिया, फिर स्वयं हाइटेंशन लाइन के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया और बिजली के तारों को छूकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पारिवारिक तनाव, आपसी रंजिश या मानसिक अस्थिरता जैसे सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
धनूरी थाना प्रभारी रामनारायण चोयल ने बताया कि कैलाश ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार लादूसर निवासी रतिराम (50) शनिवार रात करीब आठ बजे अपने भांजे कैलाश के बेटे ऋतिक (8) और राजीव (5) को एक शादी समारोह में खाना खिलाने के बहाने ले गया। देर रात तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर कैलाश ने रतिराम को फोन किया।
रतिराम ने बताया कि वह सीकर स्टेशन पर है और बच्चे सो रहे हैं। शक होने पर कैलाश ने तलाश की लेकिन वह सीकर में नहीं मिला। सुबह ग्रामीणों ने बताया कि रतिराम एक खेत में डीपी पर लटका मिला है। वहां जाकर देखा तो पास ही कुएं में दोनों बच्चों के शव पड़े थे।
कैलाश नांद गांव का रहने वाला है। वह शादियों समेत अन्य आयोजनों में रोटियां बनाने का काम करता है। काफी समय से वह अपने ननिहाल लादूसर में किराए का मकान लेकर परिवार सहित रह रहा है। आरोपी रतिराम का गांव में अलग मकान है।
Updated on:
11 May 2025 09:05 pm
Published on:
11 May 2025 09:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
