
झुंझुनूं में सड़क हादसा। फोटो: पत्रिका
Jhunjhunu Road Accident: झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार वार्ड पंच सहित तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बिसाऊ कस्बे के निकटवर्ती गांव धीरासर बस स्टैंड के पास शुक्रवार शाम हुआ। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को राजकीय जटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। देर शाम को कार्यवाहक एसपी देवेंद्र सिंह, डीएसपी हरिसिंह भी बिसाऊ पहुंचे और हादसे की जानकारी लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि गांव पाटोदा निवासी विक्रम सिंह (40), मलसीसर थाना इलाके के गांव न्यौला निवासी विक्रम सिंह (30) व हरियाणा के फतेहाबाद निवासी सुरेन्द्र सिंह (30) शुक्रवार शाम 6 बजे के करीब बिसाऊ से गांगियासर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान धीरासर गांव के बस स्टैंड के पास मोड पर बाइक की ट्रैक्टर—ट्रॉली से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए तथा तीनों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को राजकीय जटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सूचना पर पाटोदा सरपंच राजपाल व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मृतकों के शवों का शनिवार को पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के अनुसार गांव न्योला निवासी विक्रम सिंह की मां की 10 दिन पहले ही मृत्यु हुई थी और उनके बारहवें के लिए घरवाले और रिश्तेदार काम में लगे हुए थे। विक्रम सिंह शुक्रवार को अपने भानजे फतेहाबाद निवासी सुरेंद्र के साथ सामान लेने के लिए चूरू गया था। लौटते वक्त उसने पाटोदा के अपने रिश्तेदार विक्रम सिंह को भी साथ ले लिया था। न्योला निवासी मृतक विक्रम सिंह विवाहित था, जबकि अन्य दो अविवाहित थे।
पाटोदा के सरपंच राजपाल ने बताया कि मृतक विक्रम सिंह चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। पंचायत में वार्ड पंच निर्वाचित था, गांव के लोगों की सहायता करना और खेती करना ही उसका मुख्य काम था। वह अपने भानजी के पति गांव न्योला निवासी विक्रम सिंह के साथ जाने के लिए शाम को घर से बिसाऊ के लिए बस से आया था। बाइक सवार अपने दोनों रिश्तेदारों के साथ न्योला के लिए रवाना हो गया और इस बीच रास्ते में हादसा हो गया।
घटना में तीन युवकों की दर्दनाक मौत की सूचना मिलने के बाद झुंझुनूं के कार्यवाहक एसपी देवेंद्र सिंह भी देर शाम बिसाऊ पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की। एसपी ने मृतकों के परिजनों से भी पूरे मामले की जानकारी ली और घटना के लिए शोक जताया।
यह भी पढ़ें
Updated on:
7 Jun 2025, 1:22 PM IST
Published on:
7 Jun 2025, 8:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.