
फलदार पौधों के साथ-साथ औषधीय पौधें भी तैयार करें : विश्नोई
झुंझुनूं. वन एवं पर्यावरण विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले विभाग राज्यमंत्री सुखराम विश्नोई ने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि पौधों को लगाकर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी विभाग की है। कई बार पौधारोपण करने की तो जिम्मेदारी निभा ली जाती है, परन्तु उसकी सुरक्षा करने की जिम्मेदारी नहीं निभाई जाती। वे शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। विश्नोई ने कहा कि फलदार पौधों के साथ-साथ औषधीय पौधें भी नर्सरी में तैयार करवाएं। सार्वजनिक स्थानों पर वे ही पौधे लगाओ जो उस वातावरण में पनप सकें। उन्होंने खेतड़ी के बांसियाल को डवलप करने और जल्द वहां पर्यटकों के लिए सफारी की व्यवस्था कराने के प्रयास करने की बात कही। बैठक में बीहड को डवलप करने पर कहा कि नगर परिषद और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से जो कार्य बीहड में किया जा रहा है, वो वाकई सराहनीय है। उन्होंने शहर के नजदीक बन रहे ट्रीटमेंट प्लांट के पानी से पौधो की सिंचाई करने की बात भी कही। विश्नोई ने राशन वितरण संबंधित जानकारी लेते हुए पोष मशीन, सामग्री की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सीएमएचओ को अस्पतालों की व्यवस्थाओं को दुरूस्त रखने तथा वहां दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, डीएफओ आरके हुड्डा, एसडीएम अलका विश्नोई सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
पोर्टेबिलिटी सिस्टम : राज्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधाओं के लिए जो पोटेबिलिटी सिस्टम लागू किया गया है, इसके तहत कोई भी उपभोक्ता अपने राशन कार्ड से प्राप्त होने वाली सामग्री को जिले में किसी भी राशन की दुकान से प्राप्त कर सकता हैं। इसके लिए उसे संबंधित वार्ड की राशन वितरण की दूकान पर जाने की आवश्यकता नहीं है।
Published on:
03 Feb 2019 01:13 pm
