20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: जानें कौन है सोशल मीडिया पर छाई ‘घूंघट वाली वायरल गर्ल’, 79th कान्स फिल्म फेस्टिवल में दिया ये स्टेटमेंट

Bollywood actress Ruchi Gujjar Success Story: फ्रांस में आयोजित 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में राजस्थान की अभिनेत्री रुचि गुर्जर ने अपने पारंपरिक राजस्थानी लुक और मजबूत सामाजिक संदेश से सबका ध्यान खींचा।

2 min read
Google source verification
Ruchi Gurjar In Cannes Film Festival

खेतड़ी के मेहाडा गुर्जरवास निवासी फिल्म अभिनेत्री रुचि गुर्जर का फोटो: पत्रिका

Viral Ghoonghat Girl In 79th Cannes Film Festival: फ्रांस में आयोजित 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में राजस्थान के खेतड़ी क्षेत्र के मेहाड़ा गुर्जरवास निवासी बॉलीवुड अभिनेत्री रुचि गुर्जर ने अपने पारंपरिक राजस्थानी अंदाज और मजबूत सामाजिक संदेश के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर खास पहचान बनाई। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित रेड कार्पेट इवेंट्स में शामिल कान्स फिल्म फेस्टिवल में रुचि गुर्जर ने घूंघट को केवल फैशन के रूप में नहीं, बल्कि महिलाओं की स्वतंत्रता, पहचान और सामाजिक बदलाव की आवाज के रूप में प्रस्तुत किया।

उनके इस अनोखे प्रस्तुतीकरण ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और भारतीय संस्कृति के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया।

राजस्थान से है रूचि गुर्जर

रुचि गुर्जर पिछले पांच वर्षों से मुंबई में अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी फिल्म ‘लाइफ’ पहले ही रिलीज हो चुकी है, जबकि हाल ही में उन्होंने फिल्म ‘घूंघट’ में भी काम किया है, जो आने वाले दो से तीन महीनों में रिलीज होने की संभावना है। इसके अलावा वह कई वेब सीरीज में भी अभिनय कर चुकी हैं। हाल ही में वह सात वर्षों बाद राजस्थान के झुंझुनूं जिले के अपने पैतृक गांव मेहाड़ा गुर्जरवास लौटी थीं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया था।

'मेरा घूंघट चुप्पी नहीं, विरोध है…': रुचि गुर्जर

रुचि गुर्जर इस कार्यक्रम में गुलाबी रंग के पारंपरिक राजस्थानी लुक में नजर आईं, जिसमें उन्होंने घूंघट को प्रतीकात्मक विरोध के रूप में अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्होंने घूंघट चुप रहने के लिए नहीं, बल्कि विरोध और अपनी बात रखने के माध्यम के रूप में पहना है। उनका मानना है कि महिला का सम्मान उसकी बराबरी, आत्मविश्वास और आजादी से होना चाहिए, न कि उसकी पहचान छिपाने से। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी यह प्रस्तुति किसी एक महिला के भीतर भी बदलाव की सोच या संवाद की शुरुआत करती है, तो यह उनके लिए फैशन से कहीं बड़ा उद्देश्य होगा।

मशहूर डिजाइनर रूपा शर्मा ने तैयार किया था लुक

रुचि ने बताया कि यह मुद्दा उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्होंने अपने आसपास कई ऐसी महिलाओं को देखा है जो सामाजिक दबाव के कारण घूंघट के पीछे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि परंपराएं समय के साथ बदलनी चाहिए और संस्कृति को महिलाओं को शक्ति देने का माध्यम बनना चाहिए, न कि उनकी पहचान छीनने का। उनका यह पूरा लुक मशहूर डिजाइनर रूपा शर्मा द्वारा तैयार किया गया था, जिसमें गुलाबी लहंगे पर सिल्वर जरी कढ़ाई, पारंपरिक राजस्थानी आभूषण, चूड़ियां और पारदर्शी घूंघट शामिल था, जिसने उनके व्यक्तित्व को और भी आकर्षक बना दिया।