
एसीबी की गिरफ्त में आए पटवारी। फोटो पत्रिका
बुहाना(झुंझुनूं)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की झुंझुनूं टीम ने बुहाना उपखंड के दो पटवारियों को पन्द्रह हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए सोमवार को गिरफ्तार किया है। रिश्वत की राशि दो बार में ली गई। दोनों पटवारी रिटायर्ड फौजी हैं। रिटायर्ड होने के बाद पटवारी बने हैं।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इस्माइल खान ने बताया कि रिश्वत की राशि जमीन के सीमा ज्ञान करवाने के बदले ली गई। एसीबी को शिकायत मिली थी कि परिवादी ने अपनी पैतृक जमीन का सीमा ज्ञान करवाने के लिए तहसीलदार बुहाना को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र भिजवाया था।
धर्मपाल सिंह पटवारी हलका गादली ने सीमा ज्ञान करने के बदले में अठारह हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इसके बाद परिवादी से सात हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले लिए। शेष रिश्वत राशि अपने साथी पटवारी सुरेन्द्र सिंह को देने के लिए कहा।
25 जून को परिवादी अरोपी सुरेन्द्र सिंह पटवारी से मिला और सोमवार को रिश्वत देना तय किया। एसीबी टीम ने सोमवार को जाल बिछाकर आरोपी सुरेन्द सिंह पटवारी को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
रिश्वत लेन देन के समय आरोपी सुरेन्द्र पटवारी व आरोपी धर्मपाल पटवारी दोनों बुहाना के सरकारी अस्पताल के सामने अपने निजी कार्यालय में बैठे थे। एसीबी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान सुरेन्द्र सिंह पटवारी के पास रिश्वत के 8 हजार रुपए मिल गए। दोनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सुरेन्द्र कुमार बुहाना पटवार संघ का अध्यक्ष है। बुहाना में निजी कार्यालय पटवारी सुरेन्द्र सिंह का है।
Updated on:
30 Jun 2025 06:35 pm
Published on:
30 Jun 2025 06:35 pm
