
आपस में हाथापाई करते लोग व बीच-बचाव करने की कोशिश करती महिला। फोटो: पत्रिका
झुंझुनूं। झुंझुनूं-बगड़ रोड स्थित मठ स्टैंड के पास पिकअप और कार की टक्कर के बाद सड़क पर जमकर मारपीट हो गई। कार सवार और पिकअप चालक आपस में लात-घूंसे से एक-दूसरे से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी हाथापाई की गई। घटना के दौरान कार सवारों के साथ आई महिलाएं उन्हें रोकने का प्रयास करती नजर आईं, लेकिन झगड़ा बढ़ता ही गया। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो अब सामने आए हैं, जो दो दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
मारपीट से कुछ मिनट पहले मौके पर भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान पुलिस की एक जीप भी वहां से गुजरती दिखाई देती है। लेकिन उसने रुककर स्थिति संभालने का प्रयास नहीं किया। राहगीरों की ओर से बनाए गए घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में पिकअप के पास भीड़ जुटी नजर आती है।
इसी दौरान पुलिस वाहन भी वहां से निकल जाता है। दूसरे वीडियो में कार सवार दो युवक पिकअप चालक को पकड़कर मारपीट करते दिखते हैं। एक युवक उसे जमीन पर गिराकर उसके मुंह पर मुक्के बरसाता है। वहीं, बीच-बचाव करने की कोशिश करने पर विवाद और बढ़ जाता है।
बगड़ थानाधिकारी दौलतराम ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। आसपास के होटलों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। लेकिन जहां मारपीट हुई वह स्थान कैमरों की जद से बाहर था। अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। इस कारण आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
Updated on:
29 Apr 2026 10:24 am
Published on:
29 Apr 2026 10:24 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
