
वंदे भारत एक्सप्रेस। फाइल फोटो- पत्रिका
Rajasthan Vande Bharat Train: जोधपुर से दिल्ली कैंट के बीच चल रही 8 कोच की वंदे भारत एक्सप्रेस अब जल्द ही 20 डिब्बों के साथ चलेगी। रेलवे बोर्ड की ओर से 20 कोच की वंदे भारत को जोधपुर के लिए रवाना किया गया, लेकिन जोधपुर की वॉशिंग लाइन में इतने कोचों के मेंटेनेंस व रखरखाव के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण ट्रेन को मेड़ता रोड पर ही रोक दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उत्तर रेलवे से कोच जोधपुर आएंगे। वहीं, वर्तमान में चल रही वंदे भारत के कोच दक्षिण भारत भेजे जाएंगे। 20 कोचों वाली इस ट्रेन के इस माह के आखिरी सप्ताह यानी 25 से 31 मार्च के बीच चलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि जोधपुर से दिल्ली कैंट तक चलने वाली जोधपुर की दूसरी वंदे भारत सेमी हाई स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन 25 सितम्बर को हुआ था। ट्रेन का नियमित संचालन 27 सितम्बर से शुरू हुआ।
सेमी हाई स्पीड वंदे भारत के 20 कोचों के साथ संचालन होने की जानकारी सबसे पहले राजस्थान पत्रिका ने 26 फरवरी को 'जोधपुर को बड़ी सौगात: दिल्ली कैंट वंदे भारत अब 20 डिब्बों के साथ दौड़ेगी' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
वर्तमान में 8 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक में भी बदलाव किया जा रहा है। अभी जो रैक चल रहा है, उसकी जगह अन्य 50 नंबर का रैक जोधपुर लाया गया है और वर्तमान में चल रहे रैक को अजमेर भेजा जाएगा। संभवतया बुधवार से रैक की अदला-बदली की जाएगी।
यह वीडियो भी देखें
वहीं दूसरी तरफ रेलवे ने नवरात्रि मेले के अवसर पर मां बम्लेश्वरी मंदिर में अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए बिलासपुर-भगत की कोठी व बिलासपुर-बीकानेर ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार गाड़ी संख्या 20843, बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस 19 से 27 मार्च तक डोंगरगढ़ स्टेशन पर रात 9.56 बजे आएगी और 9.58 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20844, भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस 19 से 27 मार्च तक डोंगरगढ़ स्टेशन पर सुबह 5.40 बजे आएगी और 5.42 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 20845, बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस 19 से 27 मार्च तक डोंगरगढ़ स्टेशन पर रात 9.56 बजे आगमन कर 9.58 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 20846, बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस 19 से 27 मार्च तक डोंगरगढ़ स्टेशन पर सुबह 5.40 बजे आगमन कर 5.42 बजे प्रस्थान करेगी।
Updated on:
17 Mar 2026 02:18 pm
Published on:
17 Mar 2026 02:18 pm
