
जोधपुर . उदयपुर में हाईकोर्ट की सर्किट बेंच के विरोध के क्रम में जोधपुर के वकीलों की ओर से विरोध जताने के लिए आए दिन नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। इस क्रम में जहां सोमवार को अधिवक्ता हाईकोर्ट परिसर से पावटा सर्किल तक जुलूस निकाल कर करीब पंद्रह सौ से ज्यादा काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं मंगलवार को अधिवक्ताओं ने विरोध का नया स्वरूप अपनाते हुए यज्ञ कर सद्बुद्धि की प्रार्थना की। राजस्थान उच्च न्यायालय की उदयपुर में प्रस्तावित सर्किट बैंच के विरोध में आंदोलन के तहत मंगलवार को राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन तथा लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया गया। इससे हाईकोर्ट सहित चालीस से अधिक अधीनस्थ न्यायालयों में सुनवाई के लिए रखे जाने वाले मामले प्रभावित हुए। विरोध में समर्थन जुटाने के लिए दोनों एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की ओर से जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की जा रही है।