
जोधपुर।
मुंबई से जोधपुर आये एयर इंडिया की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। इस सूचना के बाद जोधपुर एयरपोर्ट को अलर्ट कर दिया गया। देखते ही देखते एयरपोर्ट परिसर छावनी में तब्दील हो गया। सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े अधिकारी एयरपोर्ट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी लेने लगे। फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी थी लिहाज़ा इसे हलके में नहीं लिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे एयरपोर्ट परिसर को सील कर दिया गया।
सूचना मिलने पर डीसीपी अमनदीप कपूर सहित बीडीएस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वहीं सीआईडी और सीबीआई के अधिकारी एयरपोर्ट पहुँच गए। इसी तरह से आरएसी का जाब्ता एयरपोर्ट परिसर में जगह-जगह तैनात कर दिया गया।
इधर, फ्लाइट को मुंबई जाने के बोर्डिंग नहीं करवाया गया और मुंबई से आये सभी यात्रियों को अराइवल एरिया में ही रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों के एक समूह से पूछताछ की गई। प्रारम्भिक तौर पर मामला करेंसी से जुड़ा हुआ या एयर हॉस्टेस से छेड़छाड़ का सामने आया है। एयरपोर्ट अधिकारी व एजेंसियां मामले की पड़ताल में जुटे रहे।
बताया ये भी जा रहा है कि इस घटनाक्रम के बाद फ्लाइट से आने-जाने वाले कई यात्री परेशान हुए। सुबह 11 बजे से यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। सभी यात्रियों की तलाशी भी ली गई। किसी भी यात्री को कई घंटों तक बाहर नहीं जाने दिया गया।
विमान को उड़ाने की धमकी का मामला नहीं
इधर, जोधपुर डीसीपी अमनदीप सिंह कपूर ने पत्रिका को दी जानकारी में साफ़ किया कि ये पूरा वाकया विमान को उड़ाने की धमकी का मामला नहीं था। उन्होंने बताया कि तीन से चार संदिग्ध विमान यात्रियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और बरामद सामान की जांच पड़ताल की जा रही है। एयरपोर्ट अधिकारी व पुलिस इस बारे में जल्द खुलासा करेगी।
Updated on:
01 Oct 2018 02:03 pm
Published on:
01 Oct 2018 01:55 pm
