
Devendra Joshi, bjp district president devendra joshi, BJP leaders, Rajasthan Ka Ran, raj election 2018, Rajasthan Elections 2018, jodhpur news, jodhpur news in hindi
अविनाश केवलिया/जोधपुर.भारतीय जनता पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। लेकिन यह भी सत्य है कि पिछले कार्यकाल में शहरी निकायों पर जो कर्जा छोड़ा गया उसे पूरा करने में ही तीन साल लग गए। इसके बावजूद हमने शहर में कई काम किए, जिनसे जनता को राहत मिली है। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने पत्रिका से खास बातचीत में यह बात कही। पेश है उनसे बातचीत के प्रमुख अंश...।
- भाजपा किन मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी?
जोशी - हमने विकास की नींव रखने का काम किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मूलभूत समस्या के समाधान के तौर पर जल स्वावलम्बन अभियान चलाया। विकास की गंगा को आगे बढ़ाने के नाम पर वोट मांगेंगे।
- वर्तमान सरकार के खिलाफ हमेशा रोष होता है, एंटी इनकमबेंसी कितना नुकसान पहुंचाएगी?
जोशी - हमारा कार्यकर्ता उत्साहित है। देश ही नहीं पूरे विश्व ने प्रधाानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लोहा माना है। ऐसे में एंटी इनकमबेंसी जैसा शब्द तो हमारे लिए है ही नहीं। मुख्यमंत्री ने राजश्री, भामाशाह स्वास्थ्य योजना के अलावा उज्ज्वला में 75 हजार महिलाओं को जोधपुर जिले में गैस कनेक्शन दिए हैं।
- आप बूथ को कैसे मजबूत कर रहे हैं?
जोशी - पिछला चुनाव समाप्त होते ही हम बूथ मजबूत करने में लग गए थे। चार महिलाएं, चार युवा और एक आईटी एक्सपर्ट, कुल 21 लोगों की टीम बनाई गई है। उनके ऊपर शक्ति केन्द्र है। हमारी कैडर बेस पार्टी है। टीम वर्क से काम हो रहा है।
- कांग्रेस बूथ पर बता रही है कि पिछली सरकार की योजनाएं रोक दी गई, उस माहौल से कैसे निपटेंगे?
जोशी - बूथ प्लानिंग में कांग्रेस हमारी नकल कर रही है। उन्होंने पिछले चार-पांच माह से बूथ पर जाना शुरू किया है। हमारी पार्टी 5 साल से मैदान में है। हम मजबूत स्थिति में हैं।
- टिकट वितरण के बाद बागी और नाराज को मनाने के लिए कोई बैकअप प्लान?
जोशी - भाजपा में कोई नाराज नहीं होता। टिकट मांगना सबका अधिकार है। लेकिन टिकट मिलने के बाद कमल का फूल ही हमारा प्रत्याशी होता है। पहले भी यह समस्या नहीं थी। अब भी नहीं होगी। इसके लिए हमें किसी प्लान की आवश्यकता नहीं है।
- जातिगत समीकरणों का टिकट वितरण में कितना प्रभाव रहेगा?
जोशी - भाजपा ने जातिगत राजनीति को खत्म किया है। अन्य प्रदेशों में इसके सकारात्मक परिणाम हमें मिले हैं। पार्टी के बीच जो रहता है उसे टिकट मिलता है।
- विपक्ष का आरोप है कि पिछले पांच साल में जोधपुर का विकास थम गया? आप क्या मानते हैं?
जोशी - सरकार ने कोई कमी नहीं रखी। जिस तरह की अर्थव्यवस्था विरासत में मिली उसके बावजूद विकास करवाया। 200 करोड़ निगम और 12 सौ करोड़ जेडीए पर कर्जा। इसके बावजूद हमने कार्य करवाए।
- चार साल सरकार काम नहीं करती और फिर चुनावी साल में ही ज्यादा काम होते हैं?
जोशी - इस बार की परिस्थितियां अलग थी। कांग्रेस जो कर्जा छोड़ गई, तीन साल तो उसे उतार कर विकास की गाड़ी को पटरी पर लाने में लगे। इसके बाद हमने काम किया।
- कहा जा रहा है कि सोशल मीडिया भाजपा की ताकत है, आपकी टीम कैसे काम करेगी?
जोशी - हमारी टीम सोशल मीडिया पर मुद्दों के साथ काम कर रही है। यदि कोई झूठ फैलाता है तो उसे भी हमारी टीम जवाब दे रही है।
- सरदारपुरा जो पूर्व मुख्यमंत्री की सीट मानी जाती है, उसको लेकर कोई प्लान है? यह भी आरोप है कि यहां पांच साल में काम नहीं हुए?
जोशी - हमारी मजबूती हमारे कार्यकर्ता हैं। सरदारपुरा ही नहीं सभी जगह काम किया और इसका परिणाम देखने को मिलेगा। कांग्रेस का काम आरोप लगाना है। हकीकत यह है कि पिछले कार्यकाल में 14 सौ करोड़ ठीक से लगाते तो जोधपुर स्मार्ट सिटी होती।
- मानवेन्द्रसिंह ने कांगे्रस ज्वाइन की है, इसका जोधपुर पर क्या असर पड़ेगा?
जोशी - भाजपा छोडकऱ किसी का राजनीतिक जीवन आगे नहीं बढ़ा। उनकी इज्जत करता हूं, यदि पार्टी में रहकर बात करते तो उनकी समस्या का समाधान होता।
- जिलाध्यक्ष विस चुनाव में बतौर उम्मीदवार नहीं उतरेंगे, आप भी दावेदारी कर रहे हैं, क्या रुख है?
जोशी - भाजपा में जो उच्च स्तर से निर्देश आते हैं उनकी पालना करते हैं। मैं अपनी बता सकता हूं कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा।
Updated on:
26 Oct 2018 02:15 pm
Published on:
26 Oct 2018 02:15 pm
