
पिता ने दूध मुंहे पुत्र को जमीन पर पटक मारा
जोधपुर.
महामंदिर थानान्तर्गत बीजेएस नट बस्ती में एक युवक ने तीन-चार माह बाद घर लौटी पत्नी से मारपीट के बाद छह माह के दूध मुंहे पुत्र को जमीन पर पटक-पटककर मार दिया। वारदात के बाद हत्या का आरोपी पति फरार हो गया।
थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि बीजेएस नट बस्ती निवासी महेन्द्र पुत्र फुटरमल नट ने अपने छह माह के पुत्र रितिक को घर में ही जमीन पर तीन-चार बार पटककर मारा। पत्थर व फर्श से मासूम गंभीर घायल हो गया। पति के झगड़े के संबंध में पड़ोस में रहने वाले सास-ससुर को उलाहना देकर महेन्द्र की पत्नी रहिशा घर लौटी तो पुत्र को जमीन पर तड़पते देखा। वह गंभीर घायल था। जिसे मां रहिशा व आस-पास के लोग एमडीएम अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मृत्यु हो गई। पति की मारपीट मेंपत्नी रहिशा के भी चोटें आईं। उसके पर्चा बयान के आधार पर पुलिस ने पति महेन्द्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव परिजन को सुपुर्द किया। उधर, वारदात के बाद आरोपी पिता महेन्द्र फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
पत्नी उलाहना देने सास-ससुर के पास गई, पीछे मारा
पुलिस का कहना है कि महेन्द्र की शादी पांच-छह वर्ष पहले हुई थी। उसके एक पुत्र और भी है। पति-पत्नी में लम्बे समय से विवाद है। पत्नी रहिशा अपने मासूम पुत्र रितिक के साथ तीन-चार महीने से पीहर में थी। शनिवार को ही पति दोनों को घर लेकर आया था और आते ही पत्नी से मारपीट कर दी थी। इस संबंध में पत्नी उलाहना देने के लिए पास में रहने वाले सास-ससुर के पास गई थी। पीछे आरोपी ने अपने पुत्र पर गुस्सा निकाल जमीन पर पटक-पटककर मार दिया।
Published on:
25 May 2021, 1:19 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.