
भिड़ंत के बाद दो ट्रेलर में भीषण आग
जोधपुर.
जिले में फलोदी में बीकानेर जाने वाले एनएच-11 पर शुक्रवार देर रात भिड़ंत के बाद दो ट्रेलर में भीषण आग लग गई। देर रात तक दमकलें आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार एनएच-11 पर फलोदी से तीन किमी बीकानेर की तरफ रात को दो ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। शॉर्ट सर्किट व डीजल लीक होने की वजह से दोनों वाहनों में आग लग गई। एक ट्रेलर में रिफाइण्ड ऑयल भरा था। इसके चलते आग भीषण हो गई और कुछ ही देर में दोनों वाहन आग की लपटों से घिर गए। दूसरे ट्रेलर में बजरी भरी होने की जानकारी मिली है।
पुलिस का कहना है कि एक ट्रेलर के चालक व खलासी ने समय रहते बाहर कूदकर जान बचा ली। जबकि दूसरे ट्रेलर के चालक व खलासी का पता नहीं लग सका। फलोदी से दमकलें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारी भी मौके पर आए और राहत कार्य शुरू करवाए। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
Published on:
10 Oct 2020, 6:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.