17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: जोधपुर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश समेत 8 न्यायिक अधिकारी एपीओ, हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन

राजस्थान की न्यायिक व्यवस्था में मंगलवार को बड़े स्तर पर उठापटक देखने को मिली। एक तरफ हाईकोर्ट को जहां बम से उड़ाने की धमकी मिली। दूसरी तरफ मुख्य न्यायाधीश ने जोधपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश समेत आठ न्यायिक अधिकारियों को एपीओ कर दिया।

2 min read
Google source verification
Court Judgement

प्रतीकात्मक तस्वीर - पत्रिका

जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्य पीठ में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। न्यायिक कार्य शुरू होने से पहले हाईकोर्ट प्रशासन को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं व अन्य स्टाफ की आवाजाही रोक दी गई।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विनीत बंसल ने बताया कि हाईकोर्ट प्रशासन को 12 बजकर 20 मिनट से पहले हाईकोर्ट खाली करने, अन्यथा बम धमाकों से उड़ाने का ईमेल प्राप्त हुआ था। कोर्ट कार्यवाही शुरू होने से पहले ही मिले धमकी भरे ईमेल को देखते हुए कोर्ट परिसर को बंद करवाते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान तय मानक प्रक्रिया का पालन किया गया। जांच के बाद स्थिति सामान्य पाए जाने पर हाईकोर्ट का न्यायिक कार्य सुबह साढ़े 11 बजे के बाद पुनः शुरू हुआ।

औचक निरीक्षण में मिले अनुपस्थित

इधर, हाईकोर्ट में बम धमकी के कारण न्यायिक कार्य में विलंब की सूचना जारी होने के बीच कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा अचानक जोधपुर जिला न्यायालय परिसर के औचक निरीक्षण पर पहुंच गए। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने सुबह करीब 11 बजे जोधपुर महानगर न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया, जहां कई न्यायिक अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए हाईकोर्ट प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और आठ न्यायिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा (एपीओ) में रखने के आदेश जारी कर दिए।

इनको किया एपीओ

एपीओ किए गए अधिकारियों में जोधपुर महानगर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय शर्मा, विशेष पॉक्सो कोर्ट संख्या-1, जोधपुर महानगर की न्यायाधीश मनीषा चौधरी, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-2, जोधपुर महानगर मनीषा शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जोधपुर जिला नेहा शर्मा, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोधपुर जिला करुणा शर्मा, अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2, जोधपुर महानगर प्रवीण चौधरी, अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-9, जोधपुर महानगर सीमा सांदू तथा अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नंबर-7, जोधपुर महानगर मनोज जीनगर शामिल हैं।