8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jodhpur Accident: रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे जातरुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 30 लोग घायल; 6 की हालत गंभीर

Jodhpur Tractor Trolley Accident: जोधपुर-जैसलमेर हाईवे-125 पर आगोलाई के समीप तोलेसर के पास सोमवार रात करीब 10 बजे रामदेवरा से दर्शन कर लौट रही जातरुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में करीब 30 जातरू घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
2 min read
Google source verification
jodhpur accident

हादसे में घायल लोग। फोटो: पत्रिका

जोधपुर। जोधपुर-जैसलमेर हाईवे-125 पर आगोलाई के समीप तोलेसर के पास सोमवार रात करीब 10 बजे रामदेवरा से दर्शन कर लौट रही जातरुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में करीब 30 जातरू घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही आगोलाई पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संभवत: ओवरटेक के दौरान किसी वाहन की टक्कर से ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलने पर आगोलाई के जागरूक युवा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर घायलों को एम्बुलेंस से आगोलाई पीएचसी पहुंचाया। घायलों की संख्या अधिक होने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया।

हादसे के बाद मची चीख पुकार

हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटते ही लोग सड़क पर जा गिरे। हालांकि, गनीमत रही कि कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे नहीं दबा। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों एंबुलेंसों में बिठाया और अस्पताल भिजवाया।

सभी जातरू मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी

आगोलाई चौकी प्रभारी एएसआइ सहीराम विश्नोई मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी जातरू मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी हैं और रामदेवरा दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में कैलाश पुत्र जगन्नाथ, मिथुन पुत्र बजंरगीनाथ, द्रोपदी पत्नी रतनलाल, राजुबाई पत्नी रमेश, बनवारी पुत्र पर्वतराम सहित करीब 30 जातरू घायल हो गए। सभी घायलों को 8 एम्बुलेंस से जोधपुर भेजा गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने व रेफर कराने में अस्पताल स्टाफ एवं ग्रामीणों ने सहयोग किया।

इधर, जातरू महिला की मौत, चार दिन बाद डंपर चालक पर मामला दर्ज

जोधपुर के झालामंड चौराहे पर चार दिन पहले डंपर की टक्कर से महिला जातरू मंजेश की मौत के मामले में उसके पति रामनिवास ने कुड़ी भगतासनी थाने में डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रिपोर्ट में चालक पर तेज व लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम कर डंपर में आग लगा दी थी। मामले में पुलिस ने मो. सदीक, श्रवणराम, जसवंत और गोविंद को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।