
फोटो पत्रिका नेटवर्क
जोधपुर। शहर में देर रात एक 'सीक्रेट' हुक्का बार पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि सीसीटीवी कैमरे, बंद लिफ्ट और अंदर से गिराए गए शटर भी संचालक को नहीं बचा सके। प्रतापनगर सदर थाना क्षेत्र में नौवीं चौपासनी रोड पर करीब 7वीं मंजिल के रूफ टॉप पर चल रहे सीओ-3 कैफे पर पुलिस ने दबिश देकर अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान 18 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया, जबकि कैफे संचालक को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में शराब, बीयर कैन, हुक्के और धूम्रपान सामग्री जब्त की गई।
एसीपी प्रतापनगर रविन्द्र बोथरा ने बताया कि कैफे में लंबे समय से चोरी-छिपे शराब और हुक्का परोसे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। संचालक ने पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पूरे परिसर के बाहर सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछा रखा था। जैसे ही पुलिस की भनक लगती, कर्मचारी तुरंत हुक्के और शराब हटाकर शटर बंद कर देते थे।
गुरुवार रात एडीसीपी रविन्द्र बोथरा और थानाधिकारी गोविंद व्यास की अगुवाई में पुलिस टीम कैफे पहुंची तो संचालक को भनक लग गई। पुलिस को ऊपर पहुंचने से रोकने के लिए लिफ्ट का स्विच बंद कर दिया। कैफे रूफ टॉप पर चल रहा था। इसलिए पुलिस को सीढ़ियों से ऊपर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस को कैफे के बाहर भारी शोरगुल सुनाई दिया तो अतिरिक्त जाब्ता और चेतक टीम भी बुलानी पड़ी।
जब पुलिस दरवाजे तक पहुंची तो अंदर से शटर गिरा दिया गया। काफी देर तक मशक्कत और दबाव के बाद दरवाजा खुलवाया गया। अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी चौंक गई। अलग-अलग टेबलों पर युवक-युवतियां हुक्के के कश लगाते और शराब पार्टी करते मिले। पुलिस आयुक्त पश्चिम कमल शेखावत ने कहा कि शहर में अवैध हुक्का बार और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे ठिकानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 52 बीयर कैन, 20 शराब की बोतलें, चार बड़े और दो छोटे हुक्के, चिलम, पाइप सहित भारी मात्रा में धूम्रपान सामग्री बरामद की। मौके से चार वाहन भी जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि कैफे संचालक बिना लाइसेंस हुक्का और अन्य धूम्रपान सामग्री का भंडारण कर ग्राहकों को उपलब्ध करवा रहा था। निर्धारित सीमा से अधिक शराब रखने और परोसने पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कैफे संचालक दीपांशु पुत्र लक्ष्मीचंद जैन निवासी दिलीप नगर लालसागर, हाल सीओ-3 कैफे रेस्टोरेंट, नौवीं चौपासनी रोड को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके पर मौजूद 18 युवक-युवतियों को शांति में पकड़ा गया। कैफे संचालक को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं, युवक-युवतियों को जमानत पर छोड़ दिया गया।
Published on:
15 May 2026 06:55 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
