
जोधपुर.
केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री और भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजपूत समाज में सरकार के प्रति कोई विरोध नहीं है। समाज पहले भी साथ था, आज भी साथ है और आगे भी रहेगा। यदि शिव विधायक मानवेन्द्रसिंह को लगता है कि उनकी उपेक्षा हुई है तो वे पार्टी व परिवार के बड़े सदस्यों से बात करें। यह नहीं कि रैली निकालने लग जाए। चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनने के बाद पहली बार जोधपुर आए शेखावत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह ने भी उपेक्षा महसूस की थी और पार्टी के विरुद्ध चुनाव लड़ा था। इतने बड़े परिवार में उपेक्षा का भाव आने पर परिवार के बड़ों से बात करना अच्छा विकल्प होता है।
समाज को बांट कर राजनीति कर रहे हैं
एससी-एसटी एक्ट के मामले में वर्गों के बीच खींचतान के मुद्दे पर शेखावत ने कहा कि कुछ लोग समाज को बांट कर राजनीति कर रहे हैं। जबकि यह एक्ट 30 साल पुराना है। इसमें सिर्फ इतनी ही बात जोड़ी गई है कि जरूरत हो तो गिरफ्तार किया जाए।