19 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर
Rajasthan Weather Alert: सर्दी में मानसूनी मौसम, लोगों ने निकाले छाता व बरसाती
Play video

Rajasthan Weather Alert: सर्दी में मानसूनी मौसम, लोगों ने निकाले छाता व बरसाती

Rajasthan Weather Alert
Google source verification

जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ की अति सक्रियता ने रविवार को मारवाड़ में मानसून जैसा मौसम कर दिया। बाड़मेर व जैसलमेर में जहां रात को ही बारिश शुरू हो गई वहीं जोधपुर में दिनभर रिमझिम बरसात चलती रही। बाड़मेर व जालोर में आधा इंच से अधिक बरसात हुई। जोधपुर में शाम 5.30 बजे तक 5.6 मिलीमीटर बारिश मापी गई। कुछ जगह ओले भी गिरे। दिनभर बरसात रहने से लोगों को छाता लेकर व बरसाती पहनकर बाहर निकलना पड़ा। दुपहिया वाहन चालक परेशान रहे। निचली सड़कों पर पानी भर गया। दिन का तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने से सर्दी तेज हो गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मारवाड़ में बारिश तो थम जाएगी लेकिन बादल रहेंगे। बरसाती सिस्टम कोटा, भरतपुर, अजमेर व जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन व बारिश करेगा। मंगलवार को आसमां साफ होने के बाद रात को पारा लुढ़कने से सर्दी तेज होने की संभावना है।

पूर्वी हवाओं का ट्रफ बना, रात को तेज हवा
रविवार को प्रदेश के ऊपर पूर्वी हवाओं में एक ट्रफ बन गया। वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तंत्र का सर्वाधिक असर देखने को मिला। कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश, कहीं ओलावृष्टि और तेज हवाएं चली। जोधपुर के ग्रामीण हिस्सों में रात को तेज हवाएं चली। जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इससे आम जनजीवन के साथ पशु-पक्षी भी हेरान रहे।

दिन व रात में केवल 5 डिग्री का अंतर
संभाग के लगभग अधिकांश हिस्सों में बरसाती मौसम होने से दिन का तापमान सात से आठ डिग्री तक गिर गया। इससे दिन व रात के तापमान में 5 डिग्री का ही अंतर रहने से दिन में सर्दी तेज रही। लोगों को दिन में स्वेटर, शॉल व जैकेट पहनने पड़े।

दिन व रात का तापमान
शहर———— न्यूनतम — अधिकतम–बारिश
जोधपुर ———-17.8 ———-23.4 ———- 5.6
फलोदी ———-17.6 ———- 20.8 ———- 7.6
बाड़मेर ———-14.7 ———- 17.9 ———- 17.1
जैसलमेर———-16 ———- 22 ———- 1
जालोर ———- 17 ———- 23 ———- 15.5
सिरोही ———- 14 ———- 19 ———- 7.5