
मृतक बहनें शोभा व विमला। फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। सूरसागर थानान्तर्गत मणाई गांव में बारात आने से कुछ घंटे पहले दो बहनों के आत्महत्या करने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम में जहर से मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन घटनास्थल यानी मकान से कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिला।
थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी ने बताया कि मणाई निवासी शोभा (25) पुत्री दीपसिंह और उसकी छोटी बहन विमला (23) की जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु हो गई थी। दोनों के आत्महत्या करने की आशंका है। पिता ने मर्ग दर्ज कराए हैं। जांच की जा रही है। महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से करवाए पोस्टमार्टम में जहरीला पदार्थ खाने से दोनों बहनों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने विवाह वाले मकान की तलाशी ली। एफएसएल से भी साक्ष्य संकलित करवाए गए। इस दौरान कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिला, लेकिन कुछ दर्द निवारक गोलियां मिलीं। वहीं, महिलाओं से जुड़ी एक्सपायरी तारीख वाली कुछ अन्य गोलियां भी मिली हैं। पुलिस ने खाने में जहर की आशंका से भी नमूने लिए हैं। इसकी संभावना काफी कम है, क्योंकि खाने में जहर होता तो शादी वाले मकान में कई और लोगों की भी तबीयत बिगड़ती।
पोस्टमार्टम के बाद एफएसएल जांच के लिए विसरा प्रिजर्व किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। इसकी रिपोर्ट मिलने पर ही स्पष्ट होगा कि दोनों ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया था। पुलिस को अंदेशा है कि गोलियां अधिक खाने से भी दोनों की मृत्यु हो सकती है।
दीपसिंह की चार बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। शोभा व विमला की सगाई मामा ने भीनमाल में एक ही परिवार में कराई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही रिश्ता टूट गया था। मामा का आरोप है कि भांजियों के चाचा ने रिश्ता तुड़वाकर पोकरण के पास जैमला गांव में एक ही परिवार में करा दिया था। वहीं से शनिवार को बारातें आने वाली थीं। दोनों बहनें इस रिश्ते से खुश नहीं थीं। संभवत: इसी के चलते आत्महत्या की होगी।
Published on:
22 Feb 2026 07:40 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
