
जोधपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की चौसर बिछने लगी है। भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद नेताओं का विरोध सहन करने वाली भाजपा हालांकि डैमेज कंट्रोल करने में लगी हुई है। इस बीच अब मारवाड़ में प्रत्याशियों के टिकट की सूची जारी होने से पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को जोधपुर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार उन्होंने आगामी सूची में मारवाड़ के प्रत्याशियों के नाम होने के संकेत दिए।
नड्डा ने सोमवार को जोधपुर संभाग के पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।
नड्डा ने कहा कि हम सभी को मिलकर पूरे प्रदेश में कमल का फूल खिलाना है। इसके लिए पूरी ताकत झोंक दें। बैठक में आगामी चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का स्वागत कर कहा कि जोधपुर संभाग में करीब 33 विधानसभा सीट हैं। हर सीट पर कमल खिलाने को लेकर कार्यकर्ता दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता नया इतिहास बनाकर मोदी को यहां से 33 कमल सौंपने का संकल्प कर चुके हैं। परिवर्तन के संकल्प को साकार करने को चुनावी अभियान में उतर चुके हैं।
विरोध तात्कालिक, सब ठीक हो जाएगा
केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने भाजपा की पहली सूची आने के बाद कई विधानसभा क्षेत्रों में उपजे असंतोष पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह असंतोष तात्कालिक है और समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। बैठक के पहले चरण में जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और सिरोही के भाजपा के विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी, जिले के अध्यक्ष व महामंत्री और चुने हुए जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। दूसरे चरण जोधपुर और पाली जिले के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इसमें भाजपा की सांगठनिक तैयारियों पर चर्चा की गई। चुनाव के मद्देनजर की गई तैयारियों पर चर्चा की और शेष बचे कामों का लेखा-जोखा करते हुए संगठन की धार को कैसे पैना किया जा सकता है, इस पर बात की। जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा, देहात दक्षिण अध्यक्ष जगराम विश्नोई, देहात उत्तर के अध्यक्ष मनोहर पालीवाल बैठक में मौजूद रहे।
कई कार्यकर्ता बैठे रहे बाहर
बैठक में अपेक्षित कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा कई भाजपा कार्यकर्ता बाहर ही बैठे रहे। उनसे बात करने पर उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आए हैं, उनसे एक बार तो मिलेंगे ही। हालांकि जब नड्डा बैठक के बाद बाहर आए तो उन्होंने सभी का अभिवादन स्वीकार किया। नड्डा जब रिसोर्ट पहुंचे, उस समय मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश के साथ तूफान चला तो पूरे कार्यकर्ताओं के लगाए गए टेंट हवा में उड़ गए। इससे व्यवस्थाएं प्रभावित हुई। तेज बारिश के कारण जगह-जगह से आए हुए नेता रिसोर्ट में अलग-अलग जगह पर जाकर बैठ गए और अपने सत्र का इंतजार करते रहे।
एयरपोर्ट पर स्वागत
नड्डा विशेष वायुयान से जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर केन्द्रीय मंत्री शेखावत सहित अनेक भाजपा नेताओं, जन प्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सालेचा के नेतृत्व बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर केन्द्रीय मंत्री शेखावत, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पाली सांसद पीपी चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया, महापौर वनिता सेठ, राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर, प्रदेश महामंत्री जगबीर छाबा, पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने नड्डा का स्वागत किया। बता दें कि शहर में हुई तेज बारिश के कारण मौसम बिगड़ गया। मौसम खराब होने के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रात को दिल्ली जाने का कार्यक्रम भी रद्द हो गया। वे मंगलवार सुबह विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए। नड्डा ने रात को पांच सितारा होटल में विश्राम किया।
Updated on:
17 Oct 2023 10:35 am
Published on:
17 Oct 2023 10:32 am
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
