
जोधपुर। जेडीए की लापरवाही से एक मकान मालिक को लाखों रुपए का चूना लग गया। मकान मालिक का आरोप है कि जोधपुर विकास प्राधिकरण की ओर से उसे अपने भूखंड की गलत जगह बता दी गई, जहां उसने मकान का निर्माण करवा दिया। अब जहां मकान बना है, उस भूखंड के मालिक ने जब आपत्ति जताई तो मकान मालिक ने अपने मकान को यहां से शिफ्ट करने का निर्णय किया। अब इस मकान को एक निजी कंपनी के यूपी के कारीगर शिफ्ट कर रहे हैं।
यह है मामला
जोधपुर विकास प्राधिकरण ने विवेक विहार में कॉलोनी काटी थी। उसमें इकबाल मोहम्मद ने एक प्लॉट खरीदा था, लेकिन इकबाल ने गलत जगह पर मकान बना दिया। बताया जा रहा है कि आधा प्लॉट किसी और का है और आधा प्लॉट किसी दूसरे का है। दो प्लॉट के बीचों-बीच मकान बनाया गया, लेकिन उसका प्लॉट 40 फीट छोड़कर दूर था। इकबाल का आरोप है कि जोधपुर विकास प्राधिकरण के गलत जगह बताने के कारण इसका खमियाजा वह भुगत रहा है। उसके पास दो ही ऑप्शन थे। या तो मकान तोड़कर अपनी जगह पर बनाया जाए या मकान को शिफ्ट किया जाए।
मकान शिफ्ट करने का निर्णय
मकान मालिक ने गुजरात की कंपनी से बात की। उन्हें बताया गया कि 200 रुपए प्रति वर्ग फीट का चार्ज लगेगा। अब वही कंपनी इस मकान के नीचे करीब डेढ़ सौ से अधिक जैक लगाकर मकान शिफ्ट करने की जुगत में लगी हुई है। लगभग 10 दिन हो गए हैं और 50 दिन और लगेंगे। मकान शिफ्टिंग को देखने के लिए आसपास के हजारों लोग आते हैं। हर कोई देख कर अचंभित हो जाता है कि किस तरह मकान को शिफ्ट किया जा रहा है।
अब तक 600 मकान शिफ्ट किए
एसएस एमजी हाउस शिफ्टिंग कंपनी इस मकान को शिफ्ट कर रही है। मकान को शिफ्ट करने में 50 दिन लगेंगे। लगभग 30 से 40 फीट दूर मकान को शिफ्ट किया जाएगा। कंपनी के एमडी ने बताया कि देश भर में 600 मकान शिफ्ट कर दिए गए है। राजस्थान में यह दूसरा मकान है। पहला मकान बालेसर में शिफ्ट किया गया था और जोधपुर में यह पहला मकान विवेक विहार में शिफ्ट किया जा रहा है।
मामले की जांच होगी
यह प्रकरण हमारे संज्ञान में आया है। जेईएन को भेजकर मौका रिपोर्ट करवाई जाएगी, साथ ही इस पूरे प्रकरण की जांच होगी।
पीसी अग्रवाल, उपायुक्त, जोधपुर विकास प्राधिकरण
Published on:
04 Jul 2023 10:36 am
