
टेक्नोलॉजी से भरपूर है राजस्थान हाईकोर्ट का यह नया भवन, आपको भी पता नहीं होगी इसकी ये खास खूबियां
जोधपुर. राजस्थान हाईकोर्ट के नवनिर्मित भवन में कोर्ट रूम में चल रहे मामलों का संपूर्ण ब्यौरा डिजिटल सॉफ्टवेयर आधारित डिस्प्ले बोर्ड पर दिखाई देगा। ये डिस्प्ले बोर्ड सभी 22 कोर्ट रूम के भीतर और बाहर ही नहीं, गैलेरी और एडवोकेट्स ब्लॉक में भी लगाए गए हैं।
डिस्प्ले बोर्डों में कोर्ट नंबर, न्यायाधीश का नाम, सुनवाई वाले प्रकरण के नंबर, शीर्षक व अधिवक्ताओं के नाम नजर आएंगे। वाद सूची के अनुसार मुख्य व पूरक वाद के नंबर भी डिस्प्ले होंगे। हेरिटेज हाईकोर्ट में केवल कोर्ट नंबर और मुख्य या पूरक वाद सूची के क्रमानुसार नंबर ही नजर आते हैं। एडवोकेट्स ब्लॉक में कुल 42 डिस्प्ले बोर्ड होंगे।
कई खूबियां है डिस्प्ले सिस्टम में
डिस्प्ले सिस्टम में एक मैसेज बार भी है। इसका नियंत्रण कोर्ट मास्टर के हाथ में होगा। किसी सुनवाई में किसी अधिवक्ता को बुलाया जाना होगा तो कोर्ट मास्टर मैसेज बार में अधिवक्ता का नाम टाइप करेगा, जो सभी डिस्प्ले बोर्ड पर दिखाई देगा। इस मैसेज की अवधि भी कोर्ट मास्टर ही तय करेंगे।
बूम बेरियर
नए हाइकोर्ट भवन में स्टाफ की उपस्थिति बायोमैट्रिक्स से दर्ज होगी। यहां सुरक्षा के भी व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। एडवोकेट्स ब्लॉक से मुख्य भवन में प्रवेश करने से पहले बूम बेरियर से गुजरना होगा। यह एडवोकेट्स को जारी आरएफआइडी एंट्री कार्ड से ओपन होगा। अधिवक्ताओं के वाहनों पर आरएफआइडी स्टीकर लगाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। ताकि उनके वाहनों के प्रवेश के दौरान बूम बेरियर स्वत: खुल जाए। कॉरिडोर में फ्लेप बेरियर लगाए गए हैं, जो एंट्री कार्ड से खुलेंगे।
Published on:
4 Dec 2019, 1:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.