जोधपुर। उम्मेद सागर के कैचमेंट एरिया से सोमवार को अतिक्रमण हटाने गए नगर निगम, पीएचईडी और पुलिस के दस्ते पर अतिक्रमियों ने जमकर पथराव किया। चार जेसीबी सहित अन्य वाहन तोड़ दिए। पथराव के कारण अधिकारियों और पुलिस को मौके से जान बचाकर भागना पड़ा। इसमें 12 पुलिसकर्मी और निगमकर्मी घायल हो गए। इनमें से दो के सिर पर गंभीर चोटें आई। घायलों को एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को रबर की गोलियां चलानी पड़ी। इसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो सकी।