
एआई तस्वीर
जोधपुर। राज्य में निकाय व पंचायत चुनाव को लेकर हलचल शुरू हो गई। भले ही सरकार ने निकाय व पंचायत चुनाव करवाने के बारे में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों से चल रही हैं। चुनावों में बैलेट यानि मतपत्र की जरूरत होगी।
ऐसे में जिला प्रशासन ने मतपत्र छपवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में निविदा जारी की गई है। दरअसल, जिला कलक्टर जोधपुर कार्यालय की ओर से कुछ दिन पूर्व बैलेट पेपर छपवाने के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। इसमें बैलेट पेपर के लिए 16 लाख रुपए बेस प्राइस रखी गई।
फलोदी जिला बनने के बाद जोधपुर जिला छोटा हो गया है। इसके बावजूद जोधपुर जिले के पंचायत चुनाव में 13.41 लाख वोटर्स हैं, जो मतदान करेंगे। इनके लिए जिले में 1614 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
कुछ समय पहले ही हाईकोर्ट ने 15 अप्रेल तक पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकायों के चुनाव के आदेश दिए थे, लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई निर्णय नहीं किया गया है।
निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर सरकार भले ही असमंजस की स्थिति में हो, लेकिन युवाओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नेता बनने के लिए उन्होंने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निकाय व पंचायत चुनाव में मतपत्र छपवाने के लिए निविदा निकाली गई है, जिसकी प्रक्रिया अभी चल रही है।
Updated on:
11 Mar 2026 08:02 pm
Published on:
11 Mar 2026 08:02 pm
