
-सीएमएचओ बोले, निजी अस्पताल के पीसीआर मैथड को सही नहीं मानते, मेडिकल कॉलेज में जांच नहीं हुई
जोधपुर.
शहर में स्वाइन फ्लू का कहर अब जिला कलक्टर के घर तक पहुंच गया है। शहर के एक निजी अस्पताल की जांच में कलक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए एंटी वायरल टेमीफ्लू की दवा दी है।
शनिवार को कलक्टर डॉ. रवि कुमार सुरपुर बुखार व जुकाम की चपेट में आ गए। चंूकि वे खुद डॉक्टर है, इसलिए उन्हें स्वाइन फ्लू का संदेह हुआ तो उन्होंने गोयल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अरूण माथुर से परामर्श लिया। स्वाइन फ्लू के लक्षणों के आधार पर अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच करवाई गई। पीसीआर मैथड से हुई जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इसके बाद चिकित्सक ने कलक्टर को एंटीवायरल टेमीफ्लू दवा दी। कलक्टर दो दिन से इलाज ले रहे हैं।
गोयल अस्पताल के संचालक डॉ. आनंद गोयल ने बताया कि कलक्टर की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजीटिव आई है। उपचार के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार है। इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. सुनील कुमार बिस्ट ने बताया कि जब तक मेडिकल कॉलेज से एलाइजा टेस्ट नहीं हो जाता, तब तक स्वाइन फ्लू पॉजीटिव नहीं मान सकते। उन्होंने कहा कि डॉ. सुरपुर को बुखार व जुकाम है। एहतियातन टेमी फ्लू एवं एंटीबायोटिक दी गई है। कलक्टर निवास व ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों को भी एंटीवायरल दवा दी गई है.
मसूरिया पहुंचा स्वाइन फ्लू
जोधपुर.
शहर के बीजेएस, नांदड़ी, उम्मेद चौक के बाद अब मसूरिया में भी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। सोमवार को मसूरिया क्षेत्र की एक महिला की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजीटिव आई है। यह महिला पांच दिन से एमडीएम अस्पताल में भर्ती है। यह बुखार व जुकाम से पीडि़त है। अस्पताल ने पहले डेंगू की जांच भी करवाई, लेकिन वह नेगेटिव आई। इसके बाद सोमवार को मेडिकल कॉलेज में महिला का स्वाइन फ्लू टेस्ट करवाया गया। जिसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मसूरिया क्षेत्र में स्वाइन फ्लू विरोधी एक्टीविटी कर दी है। बुखार पीडि़त मरीजों की स्क्रीनिंग कर दवा दी जा रही है।
स्वाइन फ्लू कम, डेगूं का प्रभाव ज्यादा
जोधपुर.
जोधपुर संभाग में वर्ष 2018 में अभी तक स्वाइन फ्लू का असर कम हैं, लेकिन डेंगू के रोगी सामने आ रहे हैं। शहर के मथुरादास माथुर अस्पताल में स्वाइन फ्लू के रोगियों के लिए अलग वार्ड शुरू किया जा चुका है। एमडीएम अस्पताल की एक महिला चिकित्सक भी स्वाइन फ्लू तथा एक गेस्ट्रोलॉजिस्ट डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज में एलिजा टेस्ट से डेंगू की जांच की जा रही है। जिले में डेंगू समेत मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए दवाइयां व जांच आदि की पूरी व्यवस्था है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का दावा है कि मौसमी बीमारियां पूरी तरह से नियंत्रण में हैं।
स्वाइन फ्लू :
जोधपुर जोन में कुल सैम्पल जांच-1190
पॉजीटिव- 136 पॉजीटिव
मृत्यु- 28
जोधपुर जिले--कुल 806 सैम्पल लिए
पॉजीटिव- 100
मृत्यु- 17
डेंगू
पॉजीटिव रोगी सामने आए--235
मृत्यु- शून्य
Published on:
29 Oct 2018 09:20 pm
