8 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

catch_icon

प्लस

epaper_icon

ई-पेपर

profile_icon

प्रोफाइल

पत्रिका के जोधपुर संस्करण की सालगिरह पर शहरवासियों ने दी बधाई, टॉक शो में बताई मीडिया की जिम्मेदारी

जोधपुर संस्करण के 38 वर्ष पूरे होने पर 'पत्रिकायन' में टॉक शो  

3 min read
Google source verification
rajasthan patrika talk show in jodhpur

patrika talk show, talk show, talk show in patrika, talk show of rajasthan patrika, talk show in jodhpur, jodhpur news

जोधपुर . शहर का विकास ठप हो चुका है। सरकारी तंत्र से लेकर जनप्रतिनिधि तक आम आदमी की नहीं सुन रहे हैं। राजधानी जयपुर के बाद प्रदेश का दूसरा बड़ा शहर विकास में पिछड़ता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नगर निगम की अनदेखी के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शहर की क्षतिग्रस्त सड़कें परेशानी का कारण बन गई हैं, तो खुले नाले शहर के विकास के सरकारी दावों को गलत साबित कर रहे हैं। सरकार को चाहिए कि पटरी से उतरी शहर के विकास की गाड़ी को फिर से राह पर लाए। ये विचार राजस्थान पत्रिका जोधपुर संस्करण के 39वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर गुरुवार को 'पत्रिकायन' में आयोजित परिचर्चा में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों एवं अपने-अपने विषय के विशेषज्ञों ने व्यक्त किए। उन्होंने अपनी से ओर से कई सुझाव भी दिए।

शहर का विकास ठप हो चुका है। जेडीए और नगर निगम सड़क और लाइट तक की मूलभूत सुविधाएं नहीं दे पा रहे हैं। निगम और जेडीए की कमियों को निष्पक्ष होकर उजागर करना चाहिए।
अश्विनी दास, उपाध्यक्ष, जोधपुर क्रिश्चियन सोसायटी

शहर के समुचित विकास के लिए जरूरी है कि पर्यावरण और जलस्रोतों का संरक्षण हो। शहर के स्थानीय प्रशासन को शहर के उद्यानों का संरक्षण करने पर ध्यान देना चाहिए।

प्रसन्नपुरी गोस्वामी, अध्यक्ष, मेहरानगढ़ पहाड़ी पर्यावरण विकास समिति

प्रदेश में सभी शहर के सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान का लागू होना जरूरी है। सरकार को जल्द से जल्द जोधपुर सहित सभी शहरों के मास्टरप्लान लागू करना चाहिए। अतिक्रमण हटाने चाहिए, ताकि प्रदेश का रुका हुआ विकास आगे बढ़े।

रामजी व्यास, अध्यक्ष, आध्यात्मिक क्षेत्र व पर्यावरण संस्थान

वन्यजीव एवं पर्यावरण संबंधी मुद्दे उठाने व उनके उचित निस्तारण के लिए सुझाव देने में अखबारों को भूमिका अदा करनी चाहिए। अखबार का तंत्र हर जगह होता है। राजस्थान पत्रिका के मुद्दा उठाने के बाद 17 नए वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर बनाए गए।

डॉ. श्रवणसिंह राठौड़, वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक, माचिया जैविक उद्यान

प्रशासन को अतिक्रमण पर सख्ती से कदम उठाना चाहिए। विशेषकर रसूखदारों के दवाब को दरकिनार कर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि शहर का विकास हो। सरकार से अपेक्षा यही है कि सत्य की आवाज को दबाए नहीं।

फादर जोंस मथायस, प्रिंसिपल, सेंट पॉल स्कूल

निर्भीक और निष्पक्ष होकर प्रशासन की लापरवाही को उजागर करना मीडिया का दायित्व है। शहर में यातायात की समस्या इस समस्या विकट होती जा रही है। शहर के विकास के लिए इसका समाधान होना चाहिए।

मनमोहन सिंह, प्रवक्ता, गुरुद्वारा सिंह सभा

मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है। मीडिया का काम ही सही-गलत को उजागर कर जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। सरकार को चाहिए कि बिना बदले की भावना के अपनी अच्छाई एवं कमियों को देखते हुए विकास करे।

कुलदीपसिंह सालेचा, सचिव, गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा

चार साल से जोधपुर सरकार की उपेक्षा को झेल रहा है। सरकार को निजी एवं राजनीतिक हितों से परे जाकर प्रदेश का विकास करना चाहिए।

राजेश सारस्वत, अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण फैडरेशन, महानगर

लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है। किसी भी सरकार को इसे बदले की भावना से नहीं देखा जाना चाहिए। बिना भेदभाव के शहर का विकास होना चाहिए।

डॉ. अजय त्रिवेदी, प्रवक्ता कांग्रेस

सरकार को आम जनता की व्यावहारिक परेशानियों को ध्यान में रखते हुए नियम बनाकर उनकी पालना करानी चाहिए। शहर के विकास के लिए हर वार्ड की परेशानियां एवं समस्याएं देखनी होगी।

पंकज खींची, शिक्षाविद्

समय के साथ परिस्थितियां बदल रही हैं। युवा पीढ़ी डिजिटल की ओर बढ़ रही है। शहर की मूलभूत सुविधाओं स्वच्छता, पर्यावरण एवं सौंदर्यीकरण पर कार्य होना चाहिए।

मितेश जैन, मंत्री, तेरापंथ युवक परिषद, जोधपुर

शहर की सड़कें, सीवरेज और नालों की हालत खराब है। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात व पुलिस प्रशासन को सिर्फ हेलमेट और सीटबैल्ट की कार्रवाई तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए।

धीरजकुमार रांका, अध्यक्ष जैन युवक दल

प्रदेश में शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए सरकार को सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने का प्रयास करना चाहिए। गरीबों के लिए राशन कार्ड व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार का ध्याान आकर्षित करना चाहिए।

गीता सोनी, सचिव, जोधपुर शहर माहेश्वरी महिला संगठन

शहर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रयास होने चाहिए। शहर के पर्यटन स्थलों सहित सड़कों के विकास की जरूरत है। महिलाओं की सुरक्षा और राजकीय स्कूलों में उचित शिक्षा को लेकर अभियान चलाए जाने चाहिए।

छाया राठी, प्रदेश संगठन मंत्री, माहेश्वरी महिला संगठन


प्रदेश में विकास की बहुत जरूरत है। सबसे पहले यातयात व्यवस्था सुधारने की जरूरत है। सुगम यातायात के लिए शहर सहित पूरे प्रदेश में फ्लाईओवर एवं सड़कों को चौड़ा करने की जरूरत है।

माजिद खान अब्बासी, उद्यमी