
जोधपुर/भोपालगढ़. जोधपुर जिले में अपनी पहली चुनावी सभा लेने पहुंची मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ओसियां में सभा लेने के बाद भोपालगढ़ क्षेत्र की ओर रुख किया। यहां उन्होंने किसान सर्किल पंचायत समिति कार्यालय के सामने सभा में कहा कि भाजपा सरकार में उद्योगों को नई दिशा मिली है। आज युवा अपना उद्योग लगा रहे हैं। साथ ही सोलर प्लांट व रिफाइनरी आदि के कार्य भी गिनवाए। साथ ही दावा किया कि सरकार की ओर से एक करोड़ महिलाओं और उनके परिवारों को भामाशाह का फायदा मिला है। बैंक एकाउंट खुलने से अब रुपया सीधा आपके एकाउंट में जाता है। राशन वितरण और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं सहित बेटियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को भी मुख्यमंत्री ने मंच से गिनवाया। इस अवसर पर उनके साथ क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कमसा मेघवाल मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने कमसा मेघवाल को समर्थन देने की अपील की। जहां महिला मुख्यमंत्री महिला प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कह रही थी। वहीं सभा में मौजूद महिलाओं की संख्या नगण्य रही। यहां सभा स्थल पर महिलाओं को धूप में बैठना पड़ा और वहीं पुरुष टेंट के नीचे बैठे नजर आए। इसके बाद मुख्यमंत्री बिलाड़ा के जयदेव नगर बिजवाडिया रोड पर सभा में भाग लेने के लिए रवाना हो गईं।