
जोधपुर. जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की वीसीआर निस्तारण, एमनेस्टी स्कीम तथा कृषि श्रेणी में स्वैच्छिक भार वृद्धि घोषणा योजना की अवधि 30 सितम्बर तक निर्धारित की गई है। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुमेरसिंह यादव ने बताया कि कृषि श्रेणी के विद्युत उपभोक्ता, जिनका भार स्वीकृत भार से अधिक है, वे 30 सितम्बर तक अपने बढ़े हुए भार की घोषणा कर सकते हैं। कृषि उपभोक्ता संबंधित सहायक अभियंता कार्यालय में आवेदन कर बढ़ा हुआ भार नियमानुसार सामान्य दरों पर स्वीकृत करवा सकते हैं। इस योजना के तहत 30 सितम्बर 2018 तक स्वैच्छिक भार वृद्धि की घोषणा करने पर सतर्कता जांच नहीं की जाएगी।
एमनेस्टी योजना की मियाद
उन्होंने बताया कि अगर अघरेलू, औद्योगिक और मिक्स्ड लोड कैटेगिरी के उपभोक्ता काबिजली कनेक्शन 31 मार्च 2017 से पहले विच्छेद हो गया है और डोमेस्टिक, एग्रीकल्चरल, एसआईपी (रूरल) श्रेणी के साथ केन्द्र व राज्य सरकार के विभागों के विभिन्न श्रेणी के विद्युत कनेक्शन कटे हुए हैं, उनके लिए जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से एमनेस्टी योजना की मियाद 30 सितम्बर 2018 तक रखी गई है।
जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने बताया कि वीसीआर के अंतिम निस्तारण के लिए लागू की गई विशेष व सरल योजना की अवधि 30 सितम्बर 2018 तक है। ऐसे उपभोक्ता व गैर उपभोक्ता, जिनके विरुद्ध 31 मार्च 2018 से पहले विद्युत चोरी व दुरुपयोग के मामलों में वीसीआर भरी गई है और उसका अब तक निपटारा नहीं हुआ है तो वे शीघ्र ही सम्बन्धित सहायक अभियंता (पवस) कार्यालय में सम्पर्क स्थापित कर, बहुत ही सरल इस योजना से अपनी वीसीआर का अंतिम निस्तारण करवा कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत वीसीआर के पूर्व में निस्तारित हो चुके प्रकरण वापस नहीं खोले जाएंगे।