
सांप के काटने पर गले में लपेटकर 14 KM बाइक चलाता रहा युवक (Photo Video Captured)
Snakebite incident in Kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सांप के काटने के बाद एक युवक ने ऐसा जोखिम उठाया, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू के दौरान सांप ने युवक को काट लिया। इसके बाद युवक ने सांप को पकड़कर अपने गले में लपेट लिया और करीब 14 किलोमीटर तक बाइक चलाकर अस्पताल पहुंच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, युवक सांप के रेस्क्यू से जुड़े काम के दौरान उसके संपर्क में आया था। इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने के बाद युवक ने उसे छोड़ने के बजाय पकड़ लिया और अपने गले में लपेट लिया। बताया जा रहा है कि युवक का मकसद अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को सांप की पहचान कराने का था। उसे लगा कि सांप की पहचान होने से डॉक्टरों को इलाज के लिए जरूरी जानकारी मिल सकेगी और सही उपचार करने में मदद मिलेगी।
सांप के काटने के बाद युवक घबराने के बजाय उसे अपने साथ लेकर अस्पताल के लिए निकल पड़ा। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि उसने सांप को गले में लपेटा और करीब 14 किलोमीटर तक खुद बाइक चलाता रहा। इस दौरान सांप उसके गले में लिपटा रहा। किसी राहगीर ने इस असामान्य दृश्य को देखा तो घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद लोग युवक की हिम्मत और उसके उठाए जोखिम को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, जानकारों के मुताबिक ऐसी स्थिति में यह तरीका बिल्कुल सुरक्षित नहीं माना जा सकता।
विशेषज्ञों के मुताबिक सांप के काटने की स्थिति में पीड़ित को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना चाहिए। घाव को काटना, जहर चूसने की कोशिश करना, कसकर पट्टी बांधना या सांप को पकड़ने की कोशिश करना नुकसानदायक हो सकता है। अगर संभव हो तो सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए उसकी तस्वीर या वीडियो ले सकते हैं, ताकि डॉक्टरों को उसकी पहचान में मदद मिले। लेकिन तस्वीर लेने के लिए भी अपनी सुरक्षा को जोखिम में नहीं डालना चाहिए। सबसे जरूरी है कि पीड़ित व्यक्ति को शांत रखा जाए और उसे जल्द से जल्द ऐसे अस्पताल पहुंचाया जाए जहां सांप के जहर के उपचार की सुविधा उपलब्ध हो।
Updated on:
08 Aug 2026 02:17 pm
Published on:
08 Aug 2026 02:12 pm
