11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मेरी शादी करा दो, नहीं तो कूद जाऊंगा: कन्नौज में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत

Kannauj News: कन्नौज के गुरसहायगंज क्षेत्र में 18 वर्षीय सुमित राजपूत ने प्रेम विवाह की जिद में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक समझाने के प्रयास के बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा।

3 min read
Google source verification
kannauj youth falls from 100ft tower Death

कन्नौज में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत | Image Video Grab

Youth falls from 100ft tower Kannauj: कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पूराभोज में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब 18 वर्षीय युवक सुमित राजपूत अचानक गांव के पास स्थित 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने देखा कि युवक टावर के शीर्ष पर बैठकर जोर-जोर से एक युवती का नाम पुकार रहा है। कुछ ही देर में वहां भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे।

शादी की जिद में दिया अल्टीमेटम

टावर पर चढ़ने के बाद सुमित बार-बार चिल्ला रहा था- “मेरी शादी उससे करा दो, नहीं तो मैं कूद जाऊंगा।” वह अपनी रिश्तेदारी की एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था और उसी से विवाह की जिद कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, वह स्पष्ट कह रहा था कि जब तक शादी की बात तय नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। उसकी आवाज में गुस्सा, दर्द और हताशा साफ झलक रही थी।

दो घंटे तक चला समझाने का प्रयास, पुलिस भी पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही गुरसहायगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी, ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार राजपूत और गांव के कई लोग मिलकर युवक को समझाने में जुट गए। परिवार के सदस्य भी रो-रोकर उससे नीचे उतरने की अपील कर रहे थे। करीब दो घंटे तक यह सिलसिला चलता रहा। सुमित कभी शांत हो जाता तो कभी फिर से शादी की जिद दोहराने लगता।

अचानक बिगड़ा संतुलन, जमीन पर गिरते ही मची चीख-पुकार

सुबह लगभग 10 बजे अचानक सुमित का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह टावर पर खड़ा होकर कुछ कह रहा था तभी उसका पैर फिसला और वह सीधे नीचे जमीन पर आ गिरा। 100 फीट की ऊंचाई से गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही पलों में वहां चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

गंभीर हालत में ग्रामीणों ने तत्काल उसे गुरसहायगंज सीएचसी पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार राजपूत ने बताया कि गिरने से उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं।

जिसे चाहता था, उसकी 3 दिन पहले हो चुकी थी शादी

ग्रामीणों के अनुसार, सुमित जिस युवती से प्रेम करता था, उसकी तीन दिन पहले ही शादी हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि युवती उससे प्रेम नहीं करती थी और परिवार भी इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी बात से आहत होकर सुमित मानसिक रूप से टूट गया था। युवती की शादी की खबर ने उसे और ज्यादा विचलित कर दिया था।

राजस्थान में करता था काम, 15 दिन पहले लौटा था गांव

सुमित राजस्थान की एक फैक्ट्री में काम करता था और करीब 15 दिन पहले ही गांव लौटा था। वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। गांव लौटने के बाद से ही वह चुप-चुप रहने लगा था। परिजनों को अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।

इकलौता कमाने वाला था सुमित

सुमित के पिता की तीन साल पहले मृत्यु हो चुकी थी। घर में मां और एक छोटा भाई है, जो मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। बहन की पांच साल पहले शादी हो चुकी है। सुमित ही घर का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का गहरा संकट आ गया है।

गांव में शोक की लहर

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। लोग इसे भावनात्मक आवेश और मानसिक तनाव का परिणाम बता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।