
यह तस्वीर अनु अवस्थी के इंस्टाग्राम वीडियो के स्क्रीनशॉट से ली गई
शहर में चोरियों की बढ़ती वारदातों से परेशान एक शख्स ने ऐसी तरकीब अपनाई कि उसकी चर्चा अब पूरे मोहल्ले से सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। कानपुर के हर्ष नगर निवासी अनु अवस्थी ने अपने घर के बाहर बाकायदा पोस्टर लगाकर चोरों से अपील की है – “हे चोर भइया, कृपया मेहनत बर्बाद न करें, घर में कुछ भी नहीं है।”
यूपी के कानपुर शहर में बीते कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। चोर हर तीसरे-चौथे दिन किसी न किसी घर को निशाना बना रहे थे। इससे लोग डरे हुए थे। अनु अवस्थी ने सोचा कि डर के बजाय चोरों से सीधे संवाद किया जाए। उन्होंने प्रिंटेड पोस्टर बनवाए। उन्हें अपने घर के दरवाजे, खिड़कियों और बाहर की दीवार पर चिपका दिया।
पोस्टर में चोरों से विनम्र भाषा में कहा गया है कि “यह एक मध्यमवर्गीय परिवार है। यहां आपको न तो नकद मिलेगा। न ही सोना। CCTV भी लगा है। कृपया पड़ोस में कोशिश करें।
यह अंदाज इतना अनोखा था कि राह चलते लोग रुककर पोस्टर पढ़ते हैं। और मुस्कुराते हैं। कुछ लोगों ने इसके फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाले तो यह वायरल हो गया।
अनु अवस्थी का कहना है कि "जब डर से कोई फर्क नहीं पड़ रहा था। तो सोचा थोड़ा मजाकिया तरीके से बात की जाए। कम से कम चोर पढ़ेंगे तो सोचेंगे।
पुलिस का कहना है कि यह तरीका रोचक है। लेकिन सुरक्षा के लिहाज से घर में कैमरे और अलार्म ज़रूरी हैं। फिलहाल अनु अवस्थी की यह पहल लोगों के लिए चर्चा और हंसी का विषय बन चुकी है।
Updated on:
21 Jul 2025, 3:51 PM IST
Published on:
21 Jul 2025, 3:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.