
पोस्टमार्टम हाउस में माता पिता व भाई के शव देखकर रोती बिलखतीं मृतक चेतराम की बेटी प्रीति।
घर की वही दहलीज, जहां कुछ घंटों पहले हंसी की गूंज थी, अब वहां एक दम सन्नाटा पसरा था। पोस्टमार्टम हाउस पर प्रीति की नजरें पागलों की तरह एक चेहरे से दूसरे चेहरे पर घूम रही थीं। मां…उसने धीरे से पुकारा, जैसे कोई बच्चा गहरी नींद में सोई मां को जगाता है, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। वही मां, जो प्रीति के ससुराल से घर आने पर पूरे मोहल्ले को सिर पर उठा लेती थी, आज सफेद कफन में खामोश पड़ी थी।
प्रीति को कुछ समझ नहीं आ रहा था अचानक क्या हो गया। वह रोते-रोते बार-बार बस एक ही सवाल दोहरा रही थी कि न पापा बोल रहे हैं, न मम्मी…आखिर ऐसा किसने किया? भगवान, मेरे साथ ही ऐसा क्यों हुआ? अब मैं किससे बात करूंगी?
प्रीति ने बताया कि वह कुछ दिनों के लिए अपने मायके घूमने आने वाली थी। सोमवार दोपहर की ट्रेन में उसका रिजर्वेशन भी था। रविवार रात को मां ने उसे फोन पर हिदायत दी थी कि सफर के दौरान अपना ख्याल रखना और संभालकर आना। प्रीति खुशी-खुशी पैकिंग कर रही थी कि सुबह उसे यह दिल दहला देने वाली खबर मिली। जिस घर में वह खुशियां मनाने आ रही थी, वहां से उसे अपने पूरे परिवार के खत्म होने की सूचना मिली।
इस घटना से न केवल बेटी, बल्कि चेतराम की बहन समुद्री भी पूरी तरह टूट गईं। उन्होंने रोते हुए बस यही कहा कि पागल आदमी है… यह क्या कर दिया? भतीजे दीप का शव देखकर वह सदमे में बेहोश हो गईं। गमगीन माहौल में तीनों शवों का अंतिम संस्कार ड्योढ़ी घाट पर किया गया।
कानपुर के सेनपश्चिम पारा थाना क्षेत्र के तुलसियापुर में सोमवार तड़के सुनीता और उनके बेटे दीप की दोनाली बंदूक से गोली मारकर हत्या कर खुद ट्रेन से कटकर जान देने वाले रिटायर्ड फौजी चेतराम के शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई। रिपोर्ट में दोनाली बंदूक से गोली मारने के कारण महिला के शव की दाहिनी आंख फूट मिली। सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त और दर्जनों छरें मिले। वहीं, डॉक्टरों को दीप के शव पर कंधे के पास गहरा घाव और सिर में छर्रे धंसे मिले। अत्यधिक रक्तस्त्राव से मौत की पुष्टि हुई है। चेतराम की मौत ट्रेन से कटकर ही होनी बताई जा रही है। तीनों शवों का विसरा सुरक्षित किया गया है।
Updated on:
18 Feb 2026 09:33 am
Published on:
18 Feb 2026 09:32 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
