कानपुर. कानपुर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (Indian Institute of Technology Kanpur IIT) ने अपनी फीस बढ़ा दी है। संस्थान ने फीस चार्ट जारी करते हुए बीटेक, एमबीए, एमएससी, स्नातकोत्तर के सभी विषय व पीएचडी की फीस की जानकारी दी। सत्र 2019-20 से बीटेक छात्रों को प्रति सेमेस्टर 1,03,550 रुपये फीस देनी होगी, जो पिछले वर्ष तक 1,02,192 रुपये थी। आइआइटी प्रशासन ने बीटेक की ट्यूशन फीस पहले की तरह एक लाख रुपये रखी है तो एमबीए व पीएचडी समेत अन्य कोर्स की ट्यूशन फीस में भी इजाफा नहीं किया है। छात्रावास मेंटीनेंस समेत अन्य मदों में वृद्धि किए जाने पर मुहर लगाई गई है। इस बार बीटेक व बीएस (बैचलर ऑफ साइंस) की 1018 सीटों पर प्रवेश लेने वाले छात्रों पर बढ़ी फीस लागू होगी। इसके अलावा स्नातकोत्तर व पीएचडी के छात्रों को ट्यूशन फीस के साथ विभिन्न मदों में बढ़ाई गई फीस का अतिरिक्त पैसा देना होगा। वहीं, छात्रावास मेस की फीस 11,200 से बढ़ाकर 12,125 कर दी गई है। इस तरह छात्रों की जेब पर 2283 रुपये का भार बढ़ेगा। आइआइटी में नया सत्र 29 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। बीटेक, एमबीए व स्नातकोत्तर के अन्य पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्र कक्षाएं प्रारंभ होने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनके साथ पुराने छात्र-छात्राओं की कक्षाएं भी इसी तारीख से प्रारंभ होंगी। आइआइटी निदेशक प्रो. अभय करंदीकर का कहना है कि छात्रों को सुविधाओं देने के लिए फीस में मामूली वृद्धि की गई है। ट्यूशन फीस को नहीं छुआ गया है लेकिन अन्य मदों में कुछ फीस जरूर बढ़ाई गई है।