
अभी कानपुर पर खतरा टला नहीं, डॉ. हुरैरा के फरार साथी अनहोनी की ताक में
कानपुऱ। चकेरी से पकड़े गए हिजबुल मुजाहिदीन के कथित आतंकी कमरुजम्मा उर्फ डॉ. हुरैरा से पूछताछ में यूपी एटीएस को कई चौंकाने वाले तथ्य पता चले हैं. एटीएस ने उसके मोबाइल की बीबीएम चैट को भी रिकवर कर लिया है. चैट में कश्मीर से एके-47 और सुसाइड जैकेट आने की बात पता चली है. इस बात की पुष्टि भी हुई है कि डॉ. हुरैरा ने घंटाघर स्थित सिद्धिविनायक मंदिर का वीडियो बीबीएम के जरिए अपने हैंडलर को भेजा था. इसे देखते हुए गणेशोत्व के दौरान किसी अनहोनी की आशंका भी जताई गई थी.
सामने आई सुरक्षा एजेंसियों की रिमांड
सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को कमरुजम्मा उर्फ डॉ.हुरैरा की रिमांड खत्म होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया. पूछताछ में जो जानकारियां यूपी एटीएस को हासिल हुई हैं, उनके तहत आगे की जांच की जाएगी. डॉ. हुरैरा की दोबारा रिमांड के लिए भी एटीएस कोर्ट में अपील करेगी.
फरार साथी बने बड़ा सिरदर्द
कमरुजम्मा के दो फरार साथी अभी यूपी एटीएस के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बने हैं. एटीएस को कमरुजम्मा की गिरफ्तारी के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है. वहीं बीबीएम चैट से हथियार मंगाए जाने की पुष्टि हुई है. ये सब मालूम होने के बाद अब शहर के लिए खतरा और भी बढ़ गया है.
होगा ज्वाइंट ऑपरेशन
कमरुजम्मा के दो फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए अब यूपी एटीएस ने जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिल कर ज्वाइंट ऑपरेशन शुरू किया है. मालूम हो कि चकेरी में 13 सितंबर को कमरुजम्मा की गिरफ्तारी से ठीक पहले उसके दोनों साथी कानपुर से निकल गए थे. इस मामले में असम पुलिस के साथ मिल कर अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी की गई है. जो दो साथी अभी फरार हैं. उनके कानपुर या यूपी के किसी दूसरे महत्वपूर्ण इलाके में आतंकवादी हमला करने की आशंका है.एटीएस सूत्रों की माने तो यह फिदायीन हमला भी हो सकता है.
Published on:
20 Sep 2018, 5:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.