4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:मंदिर के पास खून से लथपथ शव मिला, धारदार हथियार से युवक की हत्या का आरोप

Murder Case:कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के शेखपुर किशनपुर गांव में शिव मंदिर के पास युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोसी पर आरोप लगाया है। घायल को अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई, पुलिस जांच जारी है।

2 min read
Google source verification
Kanpur Crime News

फाइल फोटो: मृतक कालीशंकर - फोटो पत्रिका

Kanpur murder case:कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर किशनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव के शिव मंदिर के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बेटी ने सुनाई दर्दनाक कहानी, पड़ोसी की सूचना पर मचा कोहराम

मृतक की बड़ी बेटी निशा ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली रामदुलारी अचानक घर आईं और घबराई हुई आवाज में बताया कि उनके पिता शिव मंदिर के पास घायल अवस्था में पड़े हैं।सूचना मिलते ही परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कालीशंकर खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे और उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए थे। हालत इतनी गंभीर थी कि शरीर से काफी खून बह चुका था।

अस्पताल ले जाते समय टूटी सांसें, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजन घायल कालीशंकर को तुरंत अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल मातम में बदल गया।मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी किसाना, मां शांति, तीन बेटियां निशा, मनीषा, शगुन और सबसे छोटा बेटा राज है। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।

पड़ोसी युवक पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वारदात के बाद आरोपी जिस दिशा में भागा, वहां तक खून के निशान भी दिखाई दिए, जिससे शक और गहरा हो गया है महाराजपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

क्या बोले पुलिस उपायुक्त पूर्वी

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम किशनपुर में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्हें उपचार हेतु हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की गई। परिजनों ने गांव एवं परिवार के ही छह व्यक्तियों पर संदेह व्यक्त करते हुए तहरीर दी है, जिसके आधार पर अभियोग पंजीकरण की कार्यवाही की जा रही है। नामजद छह व्यक्तियों में से चार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई जा रही है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।