
नौबस्ता मेट्रो स्टेशन पर खड़ी कानपुर मेट्रो - फोटो : मीडिया सेल, कानपुर मेट्रो
Kanpur Metro:कानपुरवासियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जल्द ही शहर में आईआईटी से नौबस्ता तक का सफर महज 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। खास बात यह है कि पूरे 24 किलोमीटर लंबे सफर के लिए यात्रियों को केवल 60 रुपये किराया देना होगा। कानपुर मेट्रो का कॉरिडोर-1 अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जुलाई के मध्य तक इस रूट पर यात्री सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
आईआईटी से नौबस्ता कॉरिडोर के लिए कुल 29 मेट्रो ट्रेनें मंगाई गई हैं। ये सभी आधुनिक ट्रेनें गुजरात के सावली स्थित मेट्रो कोच निर्माण केंद्र से कानपुर लाई गई हैं और गुरुदेव चौराहे के पास बने डिपो में खड़ी हैं। इनमें से 23 ट्रेनें नियमित संचालन में रहेंगी, जबकि छह ट्रेनें रिजर्व के तौर पर रखी जाएंगी। हर मेट्रो ट्रेन में करीब 200 सीटें हैं। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के अनुसार यात्रियों को स्टेशन पर हर छह मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी, जिससे लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
फिलहाल आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 16 किलोमीटर हिस्से में मेट्रो सेवा पहले से संचालित हो रही है। अब कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक के शेष आठ किलोमीटर सेक्शन पर काम लगभग पूरा हो चुका है। इस रूट के शुरू होते ही कॉरिडोर-1 का निर्माण पूरी तरह पूरा माना जाएगा। अब केवल कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) की अंतिम जांच बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह निरीक्षण इसी सप्ताह होने की संभावना है। जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय से लोकार्पण की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके तुरंत बाद यात्रियों के लिए सेवा शुरू कर दी जाएगी।
आईआईटी से नौबस्ता तक कुल 20 मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन में सात स्टेशन शामिल हैं। इनमें झकरकटी और ट्रांसपोर्टनगर अंडरग्राउंड स्टेशन हैं, जबकि बारादेवी, किदवईनगर, वसंत विहार, बौद्धनगर और नौबस्ता एलिवेटेड स्टेशन हैं।मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद शहर के लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। खासकर ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और व्यापारियों के लिए यह सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा।
यूपीएमआरसी के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र ने बताया कि 15 जुलाई तक आईआईटी से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी है। किराया तय हो चुका है और यात्रियों को तेज, सुरक्षित व आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
Updated on:
05 Jun 2026 11:34 am
Published on:
05 Jun 2026 11:34 am
