4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वन विभाग का बड़ा एक्शन: NSI में 722 पेड़ों की अवैध कटाई, निदेशक सहित 5 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

Illegal Tree Cutting:कानपुर के एनएसआई परिसर में बिना अनुमति 722 पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग की जांच में पुष्टि के बाद निदेशक समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

2 min read
Google source verification
Kanpur News

एनएसआई कानपुर - फोटो - पत्रिका

कानपुर के राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई) परिसर में बड़ी संख्या में पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। वन विभाग की शिकायत पर कल्याणपुर थाने में एनएसआई निदेशक समेत पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

छह माह से मिल रही थीं शिकायतें

वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी राकेश कुमार पांडेय के अनुसार, पिछले करीब छह महीनों से कर्मचारी संघ के माध्यम से एनएसआई परिसर में लगातार पेड़ों की कटाई की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग की ओर से कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद एक सप्ताह पहले फिर से शिकायत मिलने पर वन विभाग की टीम ने परिसर में जांच शुरू की। करीब एक सप्ताह तक चली जांच में यह सामने आया कि बिना अनुमति बड़ी संख्या में पेड़ों को काटा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर वन विभाग ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

निदेशक समेत पांच नामजद

कल्याणपुर पुलिस ने वन विभाग की तहरीर पर एनएसआई निदेशक सीमा परोहा, विजय कुमार, फर्म मैनेजर अशोक कुमार, निजी सुरक्षा कमांडर उदय प्रताप सिंह राठौड़ और तिवारी टिंबर के मालिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच में 722 पेड़ों की कटाई की पुष्टि

वन विभाग की जांच में करीब 722 पेड़ों की कटाई की पुष्टि हुई है। इनमें शीशम, बबूल समेत कई अन्य प्रजातियों के पेड़ शामिल हैं। विभाग ने कटे हुए पेड़ों की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई है। वन विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि पेड़ों की कटाई किस अनुमति के आधार पर की गई और कटे हुए पेड़ों को कहां भेजा गया। मामले के सामने आने के बाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

क्या बोले एसीपी कल्याणपुर

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय वन अधिकारी, कानपुर रेंज राकेश पांडेय द्वारा थाना कल्याणपुर पर एक प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसके आधार पर एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण में एक संस्थान के निदेशक सहित लगभग 05 व्यक्तियों को नामजद किया गया है। आरोप है कि विभागीय अनुमति के बिना 722 पेड़ों का कटान कराया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर एफआईआर पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है। प्रकरण के सभी तथ्यों एवं पक्षों की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।