
नोट लिखकर छात्र ने किया सुसाइड। फोटो सोर्स-AI
Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक छात्र ने सुसाइड जैसा खौफनाक कदम उठाया। छात्र ने मरने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा। जिसमें उसने मरने की वजह भी बताई है।
छात्र ने सुसाइड नोट में लिखा,'' 'मैं समीर सैनी हूं। इसी साल जनवरी में स्कूल की एक छात्रा के साथ फोटो खिंचावा ली थी। जिसे लेकर मुझे मेरी गली का लड़का लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। इस वजह से मैं मरने जा रहा हूं, उसे लड़के को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उस लड़की की कोई भी गलती नहीं है, पूरी गलती सिर्फ उस लड़के की ही है। हम यहां से बहुत दूर जा रहे हैं।''
सुसाइड नोट में ये बातें लिखकर शास्त्री नगर निवासी हाईस्कूल के छात्र समीर सैनी ने बुधवार देर रात पनकी धाम रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। समीर बुधवार की रात को कोचिंग पढ़ने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
दरअसल, काकादेव के शास्त्री नगर निवासी अनिल सैनी का 17 साल का इकलौता बेटा अनिकेत उर्फ समीर सैनी विजय नगर स्थित बृज पब्लिक स्कूल में पढ़ रहा था। उनके परिवार में पत्नी अनीता और एक बेटी गुनगुन हैं। चचेरे भाई वैभव का कहना है कि समीर क्षेत्र में रहने वाले एक शिक्षक के यहां रात 9 बजे कोचिंग लेने जाता था। बुधवार की रात 9 बजे वह घर से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। जिसके बाद शिक्षक ने समीर के परिजनों से पूछा तो उन्होंने उसके दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां पता किया, लेकिन समीर का कुछ पता नहीं चल सका।
इसके बाद समीर के परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे। जिसके बाद पता चला कि पनकी में ट्रेन से कटकर एक लड़के की मौत हुई है। जब परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तो समरी के पहले आग से जल जाने के कारण हाथ पर पड़े दाग और कपड़ों से उसकी पहचान की।
मामले को लेकर कानपुर सेंट्रल स्टेशन GRP थाना प्रभारी ओमनारायण सिंह का कहना है कि स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आकर किशोर की मौत हुई थी। परिजनों को समीर के i-PAD में सुसाइड नोट मिला। जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है।'' वहीं, पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
06 Feb 2026 11:52 am
Published on:
06 Feb 2026 11:52 am
