
कानपुर. बर्रा थाना क्षेत्र में एक टीचर ने गुरु और शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने का काम किया है। टीचर अपनी मर्यादाओं को लांघते हुए क्लास की छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करता और उससे होटल में जाने को कहता। जब वो विरोध करती तो एग्जाम में फेल करने की धमकी देता, बावजूद छात्रा टीचर की करतूत की बात परिजनों को नहीं बताती। टीचर ने एक दिन उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की तो किसी तरह वो उसके चंगुल से छूटकर भागने में कामयाब रही और फिर घर जाकर रोने लगी। माता-पिता ने उससे हकीकत जाननी चाही, लेकिन लोक-लल्जा के चलते वो खामोश रही। लेकिन उसने स्कूल जाने से मना कर दिया। मां ने उसे स्कूल न जाने पर पूछा तो वो उससे लिपट कर रो पड़ी और रो-रोकर पूरी दास्तां बयां की। पिता बेटी को लेकर थाने पहुंचा और टीचर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरएस एजुकेशन सेंटर के टीचर पर आरोप
बर्रा थानाक्षेत्र के विश्वबैंक निवासी एक कारोबारी की नाबालिग बेटी आरएस एजुकेशन सेंटर में आठवीं की छात्रा है। पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी पिछले कई दिनों से उदास रहती थी और स्कूल जाने पर आनाकानी करती। 22 अक्टूबर को मैंने जब उससे स्कूल न जाने की बात पूछी तो पहले वो कुछ बताने को तैयार नहीं हुई, लेकिन जब हमने उससे सच-सच बताने को कहा तो वो रोने लगी और मैथ के टीचर विनय सिंह की करतूत बता दी। पिता बेटी को लेकर थाने पहुंचा और टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पीड़िता की मां ने कहा कि हमने तो अपनी बेटी को पढ़ने के लिए स्कूल भेजा, लेकिन मेरी नन्हीं सी जान की अस्मत के पीछे टीचर पड़ा था।
नहीं तो कर दूंगा फेल
छा़त्रा ने बताया कि टीचर विनीत सिंह मैथ पढ़ाते हैं। बीते डेढ़ महीने से मेरे साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। मुझे अकेले में बुलाते थे और हाथ पकड़कर अश्लील बातें करते थे। विनीत हर रविवार को मुझे बाहर मिलने को कहते और होटल में ले जाने की बात करते। लेकिन मैं उन्हें हर बार माना कर देती और उनकी इस हरकत की शिकायत पापा से कहने की बात कहती। इस पर वो कहते थे कि यदि तुमने किसी से ये बातें बताई तो मैं तुम्हें फेल कर दूंगा। कॉपी चेक करने तो कभी सवाल समझाने के बहने अकेले में बुलाते थे। उनकी हरकत से मैं डर गई थी और इसी के चलते मैंने अपने परिजनों को टीचर की करतूत के बारे में नहीं बताया।
प्रिसिंपल ने कहा आरोप निराधार
मामले पर परिजन स्कूल पहुंचे और प्रबंधक के साथ ही प्रिसिंपल को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता के पिता का आरोप है कि हम 24 अक्टूबर को स्कूल गए। जहां प्रिसिंपल के सामने हमने उनके टीचर विनय सिंह की करतूत बात बताई, लेकिन उन्होंने कार्रवाई के बजाय हम पर उल्टे सवाल कर भगा दिया। उसी दिन हम पुलिस के पास गए और एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता के पिता ने बताया कि 30 अक्टूबर एसएसपी और डीजी को मेल कर पूरे घटना की जानकारी दी, लेकनि इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सीएम से करेंगे शिकायत
सीओ गोविन्द नगर जनार्दन दुबे ने बताया, एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला आया है। इस संबंध में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। आरएस एजुकेशन स्कूल का मामला है, जहां टीचर पर एक बच्ची के परिजनों ने गलत हरकतें करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस बारे में स्कूल प्रबंधक को अवगत कराने के साथ ही टीचर को अरेस्ट करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं पीड़िता के पिता ने कहा कि अगर दो दिन के अंदर आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं करती तो हम उसे लेकर लखनऊ जाएंगे और सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने फरियाद करेंगे।
Updated on:
01 Nov 2017 10:46 am
Published on:
01 Nov 2017 09:25 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
