
बेटिकट हुए विधायक गायब, अन्य अनेक टिकटार्थी भी नहीं आ रहे नजर
करौली. जिले में कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशियों के जनसम्पर्क शुरू हो गए हैं। उनके कार्यालयों के उद्घाटन भी होने लगे हैं, लेकिन वो चेहरे गायब हैं जिनके दोनों दलों से टिकट कटे हैं या जो टिकटार्थी में प्रमुख थे। भाजपा ने पिछले चुनाव में उम्मीदवार रहे तीन प्रत्याशियों को इस बार टिकट नहीं सौंपा। इसमें हिण्डौन विधायक राजकुमारी भी शामिल हैं।
इसी प्रकार कांग्रेस से टोडाभीम विधायक घनश्याम महर का भी टिकट कटा है। कांग्रेस -भाजपा के ये दोनों विधायक इन दिनों चुनावी माहौल के बीच नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों ने अपने दलों में टिकट के लिए पुरजोर प्रयास किए थे। कांग्रेस प्रत्याशी ने बुधवार को नादौती में कार्यालय का उद्घाटन किया जिसमें घनश्याम महर सहित पार्टी के कुछ अन्य टिकटार्थी भी नहीं दिखे। महर को जयपुर होना बताया गया। महर ने पत्रिका से कहा कि वे निष्ठा के साथ सक्रियता से पार्टी का काम कर रहा हूं और करुंगा, लेकिन प्रत्याशी ने मुझसे अब तक संपर्क नहीं किया है, नामांकन के लिए भी मुझे नहीं बुलाया। यहां से पूर्व जिला प्रमुख शिवदयाल मीणा तो कांग्रेस से बगावत करके बसपा से चुनाव लड़ रहे हैं।
इसी प्रकार टोडाभीम से पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे रामराज मीणा ने भी इस बार टिकट मांगा लेकिन टिकट न मिलने पर वे तथा कुछ अन्य पार्टी के नेता इलाके में अभी प्रचार में नजर नहीं आए हैं। हालांकि उनका कहना है कि वो पार्टी के साथ हैं और सक्रिय रहेंगे। हिण्डौन में बेटिकट हुई राजकुमारी सहित आधा दर्जन टिकटार्थी थे, जो भाजपा प्रत्याशी से फिलहाल कन्नी काटे हुए हैं। राजकुमारी ने पत्रिका से कहा कि अभी शुरूआत ही हुई है। कुछ दिन बाद पार्टी के लिए काम करेंगे।
करौली में भी टिकटार्थी रूठे हुए दिख रहे हैं। विगत चुनाव में यहां से भाजपा प्रत्याशी रहीं रोहिणी देवी अभी प्रचार के लिए नहीं निकली हैं। उनको करौली से बाहर किसी कार्यक्रम में शामिल होने जाना बताया गया है। बुधवार को यहां भाजपा कार्यालय के उद्घाटन में सांसद मनोज राजोरिया, जिलाध्यक्ष रमेश राजोरिया सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद पूरे शहर में रोड शो भी किया। इस दौरान रोहिणी देवी, नगरपरिषद सभापति राजाराम गुर्जर गायब दिखे। रोहिणी एवं राजाराम भी टिकट की लाइन में प्रमुख तौर पर शामिल थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश राजौरिया का कहना है कि टिकट की लाइन में पार्टी के काफी लोग थे। अब टिकट का फैसला हो जाने के बाद सभी पार्टी के साथ हैं। अभी शुरूआत हुई है। सभी पार्टी के लिए सहयोग करेंगे। रूठने जैसी बात नहीं।
Published on:
23 Nov 2018 12:41 pm
