
सिजारे पर गणगौर सी संवरी महिलाएं
हिण्डौनसिटी. गणगौर पूजा से एक दिन पहले रविवार को सिंजारा पर महिलाएं सजने संवरने में जुटी रहीं। महिलाओं ने मेहंदी मांढी और शृंगार किया। शहर के ज्योति नगर में 16 दिन से गणगौर की पूजा कर रही ममता मित्तल, ललिता गोयल, निशा मित्तल, चीनू गर्ग, प्रेरणा गोयल, ममता, आरती, दीया व मनीषा ने ईसर-गणगौर की प्रतिमा के समक्ष सिंजारा मनाया। इस दौरान महिलाओं और युवतियों ने एक दूसरे की हथेलियों पर शगुन की मेहंदी माढ़ी। महिलाओंं ने बताया कि सोमवार दोपहर वे राजस्थानी परिवेश में सज संवर कर ईसर-गणगौर की सामूहिक पूजा करेंगी। वहीं शाम को गणगौर माता को पानी पिलाने की परम्परा निभाई जाएगी। इस दौरान महिलाओं द्वारा ईसर-गणगौर के समक्ष नृत्य भी किया जाएगा।
सूरौठ और सनेट में गणगौर मेला आज, निकलेगी शोभायात्रा
हिण्डौनसिटी. सूरौठ कस्बे में गणगौर पर सोमवार को पुराने गढ़ व सूरौठ महल से ईसर-गणगौर की राजसी आंदाज में सवारी निकलेगी। दोपहर में 134 वर्ष पुरानी परम्पर के तहत जयपुर रियासत की तर्ज पर लाव लश्कर के साथ ईसर-गणगौर कस्बे में बाजारों में निकलेंगे। इस दौरान झांकियां भी सजाई जाएंगी। वहीं कस्बे में रविवार रात से हेला ख्याल दंगल के साथ शुरू हुए चार दिवसीय मेले में दूसरे दिन अनेक कार्यक्रम होंगे।
गांव सनेट में सोमवार को गणगौर का मेला भरेगा। दोपहर 2 बजे बैंडबाजे के साथ एक दर्जन झांकियों की अगुवाई में गणगौर की सवारी निकलेगी।
गणगौर मेला कमेटी के वीरेन्द्र सिंह, अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शोभा यात्रा राजपूत मोहल्ला में स्थित अंजनी माता मंदिर से रवाना हो आम रास्तों से होकर नए कुआ वाले हनुमानजी मन्दिर पहुंचेगी। जहाँ गणगौर की जलाचमन करा पूजा की जाएगी। शोभायात्रा के वापस अंजनी मन्दिर पहुंचने पर सभा में होगी। मेले की शोभायात्रा से पूर्व घुड़दौड़, ऊंट दौड़ व नाल प्रतियोगिता होगी। गणगौर मेला व्यवस्था से जुड़े राकेश जादौन, मुन्ना ठाकुर ने बताया कि रात में बेबी कोमल एंड पार्टी द्वारा रात्रि देवी जागरण होगा।
Published on:
08 Apr 2019 12:19 pm
